#BIHAR #INDIA : राजधानी सहित राज्य के सात जिले की सड़कों को और चौड़ा किया जाएगा। पथ निर्माण विभाग ने इसके लिए 156 क रोड़ जारी कर दिया है। इस पैसे से लगभग 65 किलोमीटर सड़कों को और चौड़ा किया जाएगा। इसके अलावा दो पुल का भी निर्माण होगा।

पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव ने कहा कि पटना के अलावा पूर्वी चम्पारण, दरभंगा, नवादा, गया, जहानाबाद और खगड़िया की सड़कों को चौड़ा किया जाएगा। दरभंगा की तीन सड़कों के लिए 75 करोड़ 84 लाख की स्वीकृति दी गई है। जबकि पूर्वी चम्पारण की दो सड़कों के लिए 11 करोड़ 7 लाख, खगड़िया की दो सड़कों के लिए 17 करोड़ 71 लाख की मंजूरी दी गई है। पूर्वी चम्पारण में मोतिहारी के भेलाही से रक्सौल, एनएच-28ए के बायें लक्ष्मीपुर रेलवे क्रांसिग-रक्सौल सिटी पथ की मरम्मत होगी। जबकि पटना के नौबतपुर में खजुरी-नासोपुर-खराट रोड की मरम्मत होगी।

इस मद में 14 करोड़ 90 लाख खर्च होगा। दरभंगा के सुपौल स्टेट हाइवे-17 से बौड़ाम रोड के चौड़ीकरण पर 34 करोड़ 96 लाख खर्च होगा। इसी जिले मेंअहिल्या स्थान से गौतम कुण्ड (नरौछ) पथ पर 23 करोड़ 48 लाख खर्च होगा। दरभंगा के ही शिवनगर घाट से घनश्यामपुर-रसियारी घाट के निकट कमला नदी पर पहुंच पथ, बचाव कार्य, डायवर्सन, गाइड बांध, भू-अर्जन और पुल बनाया जाएगा। इस मद में 17 करोड़ 39 लाख खर्च होगा।

मंत्री ने कहा कि नवादा के मंझवे-गोविन्दपुर पथ पर पुल बनाने के मद में 16 करोड़ खर्च होगा। गया के कंदौल-ताजपुर-सतामस-सरवहदा पथ पर सात करोड़ 29 लाख, खगड़िया के पखराहा (एनएच-31) से पौरा भाया खरौआ-पीपरपाती पथ पर 12 करोड़ 10 लाख और हथुवन-शहरबन्नी पथ पर पांच करोड़ 61 लाख खर्च होगा। मंजूर योजना के तहत मिट्टी कार्य, बचाव कार्य, ड्रेनेज, बॉक्स कल्वर्ट, रोड सेफ्टी, मजबूतीकरण और चौड़ीकरण सहित अन्य कार्य होंगे। समय पर काम के लिए आवश्यक निर्देश दिया गया है।