नियोजित शिक्षकों-पुस्तकालयाध्यक्षों को वेतन हेतु राशि निर्गत

PATNA : बिहार के 36 हजार नियोजित शिक्षकों के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने उनके वेतन के लिए 74 करोड़ की राशि निर्गत कर दी है। अब छठ के बाद उनके खाते में वेतन की राशि जाने की उम्मीद जग गयी है।

सूबे के माध्यमिक शिक्षा के अंतर्गत जिला परिषद एवं नगर निकायों के 22741 माध्यमिक शिक्षक, 11588 प्लस टू स्कूल के नियोजित शिक्षक और 1896 पुस्तकालयाध्यक्ष के वेतन के लिए राशि जारी की गयी है। वित्तीय वर्ष 2018 -19 में वेतन के लिए 74 करोड़ तेरह लाख तीस हजार की राशि को विभाग ने जारी कर दिया है। यह राशि सभी जिलों के शिक्षा अधिकारी के खाते मे भेज दी गयी है। अब जिलास्तर से उन नियोजित शिक्षकों का वेतन भुगतान हो सकेगा।

जिलापरिषद क्षेत्र में आने वाले नियोजित शिक्षकों का पिछले महीने तक का वेतन भुगतान हो पाया था लेकिन नगरनिकाय क्षेत्र के शिक्षकों को न तो दुर्गापूजा के दौरान वेतन मिला था और न दीपावली में। अब छोटी दीपावली यानी 6 नवम्बर को विभाग ने राशि जारी कर दी है। अब संभावना है कि छठ के बाद नगरनिकाय क्षेत्र के अधीन आने वाले हाईस्कूल, प्लस टू और पुस्तकालयाध्यक्षों का वेतन मिल सकेगा।

पर्व-त्योहार में भी नगरनिकाय के नियोजित शिक्षकों का वेतन राशि नहीं रहने की वजह से लंबित रहने को लेकर माध्यमिक शिक्षक संघ ने आपत्ति जताई थी। संघ ने शिक्षा विभाग से दीपावली के पहले ही सभी शिक्षकों के वेतन भुगतान की मांग की थी। दीपावली के पहले वेतन तो नहीं मिला लेकिन अब छठ के बाद वेतन मिलने की उम्मीद जग गयी है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.