गणतंत्र दिवस के मौके पर दिए जाने वाले पद्म पुरस्कारों का ऐलान कर दिया गया है। इस बार बिहार के 7 हस्तियों को पद्म पुरस्कार मिला है। इनमें प्रसिद्ध गणितज्ञ स्व. वशिष्ठ नारायण सिंह और महिला चिकित्सक डॉ शांति राय शामिल हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्व. जॉर्ज फर्नांडीज, स्व. सुषमा स्वराज एवं स्व. अरुण जेटली को मरणोपरांत पद्मविभूषण एवं स्व. वशिष्ठ नारायण सिंह को पद्मश्री मिलने पर हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त की है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के सुजय कुमार गुहा, विमल कुमार जैन, डॉ शांति राय, शांति जैन, श्याम सुंदर शर्मा एवं रामजी सिंह को पद्मश्री मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

जेटली, स्वराज, फर्नांडीज मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित, पर्रिकर को मिला पद्म भूषण
पूर्व केंद्रीय मंत्रियों अरुण जेटली, सुषमा स्वराज एवं जॉर्ज फर्नांडीस, मुक्केबाज मैरी कॉम और मॉरीशस के पूर्व प्रधानमंत्री अनिरुद्ध जगन्नाथ समेत सात हस्तियों को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार (25 जनवरी) को पद्म विभूषण से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई। गृह मंत्रालय ने घोषणा की कि वाराणसी के प्रसिद्ध शास्त्रीय भजन गायक छन्नूलाल मिश्र और विश्वेशतीर्थ स्वामीजी श्री पेजावर अधोखजा मठ उडुपी (मरणोपरांत) को सर्वोच्च पद्म पुरस्कार-पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।

गृह मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर, उद्योगपति आनंद महिंद्रा और वेणु श्रीनिवासन, ओलंपिक बैडमिंटन खिलाड़ी पी वी सिंधू, नगालैंड के पूर्व मुख्यमंत्री एस सी जमीर और जम्मू कश्मीर के नेता मुजफ्फर हुसैन बेग को पद्म भूषण से नवाजा गया है। पुरस्कारों की घोषणा गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की गई। जेटली, स्वराज, फर्नांडीस, पर्रिकर और विश्वेश तीर्थ स्वामी को मरणोपरांत पुरस्कार दिया गया है।

Like this:
Like Loading...