ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के सपोर्ट में सामने आए हैं। पोटिंग को उम्मीद है कि पंत जल्द ही प्लेइंग इलेवन में वापसी करेंगे। पंत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस महीने खेली गई तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज के पहले मैच के दौरान चोट लग गई थी। जिसके बाद से वो अभी तक टीम में वापसी नहीं कर सके हैं। पहले वनडे इंटरनेशनल मैच में बल्लेबाजी के दौरान पंत को चोट लगी थी, जिसके चलते वो दूसरी पारी में विकेटकीपिंग के लिए नहीं उतर पाए थे। तब से टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल विकेटकीपर बल्लेबाज की भूमिका निभा रहे हैं।

पंत फिट होकर टीम में तो शामिल हो गए हैं, लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिल रही है। पंत पिछले काफी समय से अच्छी फॉर्म में नहीं हैं और विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी दोनों को लेकर उनकी आलोचना हो रही है। ऐसे में पोंटिंग पंत के सपोर्ट में सामने आए हैं। ट्विटर पर पोंटिंग ने अपने फैन्स के सवालों के जवाब दिए। जिसमें से एक फैन ने पूछा था कि पंत अब हर फॉरमैट से बाहर हो चुके हैं, आगे वो पंत का क्या भविष्य देखते हैं। इस पर पोंटिंग ने जवाब दिया, ‘पंत युवा खिलाड़ी है, जिसके पास बहुत टैलेंट है। आईपीएल के दौरान मैं उसके साथ फिर काम करूंगा। मुझे पूरी उम्मीद है कि भारतीय टीम में उनकी वापसी हो जाएगी।’
