
WEST CHAMPARAN : पश्चिमी चंपारण जिले के नरकटियागंज अनुमंडल क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के अंदर दो लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना से सनसनी फैल गई है. गुरुवार को जहां नरकटियागंज के गौनाहा थाना क्षेत्र में एक लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई, वहीं शुक्रवार को शिकारपुर थाना क्षेत्र में एक लड़की के साथ चार युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया.

गौनाहा थाना क्षेत्र में लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. चंपारण रेंज के डीआईजी ललन मोहन प्रसाद ने खुद घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की जांच की. इस मामले के लिए मुजफ्फरपुर से स्वान दस्ता गौनाहा पहुंचा. वहीं डीआईजी स्वान दिनकर सिंह के नेतृत्व में स्वान दस्ता भी घटना स्थल पर डाग स्क्वायड की मदद से आरोपियों को चिन्हित करने में जुट गई है. हालांकि अभी तक किसी भी आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है.

बताते चलें कि लड़की के साथ वीभत्स तरीके से दुष्कर्म करने के बाद हत्या कर दी गई. उस लड़की की शादी भी तय हो गई थी और एक या दो दिन में शादी की तारीख भी तय होनी थी लेकिन उससे पहले ही लड़की के साथ घटना घट गई. इस वजह से पुलिस प्रेम प्रसंग जैसे बिन्दुओं की भी जांच कर रही है. पुलिस को भरोसा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.