
NAWADA : नवादा जिले की सीमा झारखंड के कोडरमा से सटे होने का फायदा जिले के शराब तस्कर धड़ल्ले से उठा रहे हैं । बिहार झारखंड की सीमा पर वाहनों की तलाशी लिए जाने के बावजूद नवादा जिले में शराब तस्करी का धंधा जोर-शोर से चल रहा है।
उत्पाद विभाग एवं पुलिस की टीम द्वारा लगातार किए जा रहे कार्रवाई के बाद भी शराब तस्करी का धंधा चरम पर है। आए दिन शराब और शराब कारोबारी की गिरफ्तारी हो रही है , फिर भी जिला मुख्यालय के साथ-साथ रजौली, गोविंदपुर, कौवाकोल, हिसुआ , वारसलीगंज सहित अनेक स्थलों पर शराब की धड़ल्ले से बिक्री चोरी छुपे हो रही है । ग्रामीण इलाकों में देसी शराब की चुलाई भी की जाने की सूचना है।

उत्पाद विभाग द्वारा प्रतिदिन एनएच 31 पर जगह-जगह जांच चौकी लगा कर वाहनों की जांच की जा रही है। इसके बावजूद भी शराब तस्कर अलग-अलग माध्यम से शराब लाकर नवादा में इसकी बिक्री कर रहे हैं।

उत्पाद इंस्पेक्टर विनोद कुमार खलीफा ने बताया कि शुक्रवार की रात्रि सूचना के आधार पर एक बोलेरो के रजौली से नवादा की ओर आने के दौरान फतेहपुर मोड़ से आगे गुरुचक ग्राम के पास बोलेरो की जांच की गई तो उसमें रखे 200 एम एल का 15 बोरा 3000 देशी पाउच झारखंड निर्मित बरामद किया गया।
अंधेरे का फायदा उठाकर बोलेरो चालक और कारोबारी गुड्डू खान फरार हो गया। उत्पाद निरीक्षक विनोद खलीफा ने बताया कि दशहरा के पूर्व से ही गुड्डू खान द्वारा जिले में बड़े पैमाने पर शराब लाकर बेचे जाने की सूचना मिली थी। तब से लगातार इस वाहन और गुड्डू खान को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा था। लेकिन गुड्डू खान चकमा देकर पुलिस और उत्पाद विभाग से बच रहा था। उन्होंने बताया कि लगातार जांच के बाद भी कारोबारी बढ़ रहे हैं । ऐसे कारोबारियों को पकड़ने के लिए अब सुबह शाम जांच अभियान चलाया जा रहा है।