
SAMASTIPUR : समस्तीपुर जिले में हत्या के दो वारदातों से सनसनी फैल गई है. पहली घटना मुसरीघरारी थाना इलाके की है जहां एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. वहीं दूसरी वारदात हसनपुर के दूधपुरा की है जहां गला रेत कर एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई.
बताया जा रहा है कि मुसरीघरारी थाना इलाके के बखरी बुजुर्ग गांव में अज्ञात अपराधियों ने गांव के ही युवक रत्नेश कुमार पाल की गोली मारकर हत्या कर दी. इसका खुलासा तब हुआ जब सुबह ग्रामीण शौच के लिए खेत की तरफ गए. युवक के शव को देखकर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वारदात की जगह से एक खोखा बरामद किया है. मामले की तफ्तीश जारी है.

अपराधियों की गोली का शिकार हुए रत्नेश के परिजनों ने बताया कि कल शाम में रत्नेश घर में ही था. लेकिन रात में वह घर से कब निकला, किसी को पता नहीं. परिजनों को हत्या की वजह भी पता नहीं है. इस संबंध में समस्तीपुर सदर डीएसपी प्रीतीश कुमार ने बताया कि मृतक शराब का कारोबार करता था और रुपए लेनदेन को लेकर विवाद हुआ है. जिस वजह से युवक की हत्या गोली मारकर कर दी गई है. अनुसंधान किया जा रहा है और अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

हत्या की दूसरी वारदात हसनपुर थाना इलाके के देवधा पंचायत के बेला गांव की है. यहां से पानी भरे गड्ढे में एक युवक का शव बरामद किया गया. इसकी हत्या धारदार हथियार से गला रेत कर कर दी गई है. मृतक की पहचान बेगूसराय जिले के निवासी दीपक कुमार सिंह के रुप में हुई है. हंसलपुर पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है.