
PATNA : पटना के एसकेपुरी इलाके में 10 साल के दीपक के गिरे 18 घंटे से अधिक होने को है, लेकिन अब तक उसका पता नहीं चला है. बच्चे के घर में कोहराम मचा हुआ है. इधर रात भर NDRF और SDRF की टीमें मौके पर जमी हुई हैं.

लगातार सर्च आॅपरेशन चल रहा है, पर बच्चे का अब तक सुराग नहीं मिल पाया है.जानकारी के अनुसार NDRF और SDRF की टीमें सुपर सकर मशीन से रात भर गहरे नाले का सर्च किया. बताया जा रहा है कि नाले को 250 मीटर तक सर्च किया जा चुका है. वहीं अभी भी 40 मीटर के लगभग बचा हुआ है.

रविवार की सुबह मिल रही ताजा जानकारी के अनुसार सुपर सकर मशीन से आज दोबारा सर्च आॅपरेशन किया जाएगा. नाले की कुल लंबाई लगभग 290 मीटर है. मशीन के आने के बाद बाकी बचे एरिया में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाएगा.

बता दें कि पटना के एसकेपुरी इलाके के एक गहरे नाले में 10 साल का बच्चा दीपक शनिवार की दोपहर में गिर गया था. वह अपने पिता के लिए खाना लेकर जा रहा था कि संप हाउस के मेन होल में वह ठोकर खाकर गिर पड़ा. तब से उसकी तलाश जारी है.
बहरहाल पिछले 18 घंटे से NDRF और SDRF की टीमें जुटी हुई हैं. लेकिन दीपक का अब तक सुराग नहीं मिल पाया है. सुपर सकर मशीन से आज दोबारा जांच होगी.
वहीं घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी हुई है. अधिकारियों के बीच विमर्श जारी है. बताया जा रहा है कि अब आनंदपुरी तक तलाश की जाएगी. लाखों लोग दीपक के दुआ कर रहे हैं. इसके साथ ही बिफोर प्रिंट भी उसके सुरक्षित बाहर निकलने की दुआ कर रहा है.