टेलीविजन रियलिटी शो बिग बॉस खत्म तो हो गया है लेकिन इसके कंटेस्टेंट अभी भी सुर्खियों में बने हुए हैं। हिमांशी खुराना और आसिम रियाज की दोस्ती तो नजर आ ही रही है वहीं ये सारे घरवाले एक साथ पार्टी करते भी नजर आ चुके हैं।

एक दिन पहले ही विशाल आदित्य सिंह और रश्मि देसाई रैंप पर वॉक करते दिखे। जिसमें दोनों के लुक बिल्कुल ही अलग दिख रहे थे। बॉम्बे टाइम्स फैशन वीक में दोनों ने रैंपवॉक किया। जिसकी शो स्टॉपर थी उर्वशी रौतेला।

रैंपवॉक के लिए पहुंचे विशाल ने अपने माथे पर सिंदूर लगाया हुआ था। जिसे देख यूजर कमेंट करने से भी बाज नहीं आ रहे हैं।फैशन डिजाइनर रोहित वर्मा के कपड़ों में दोनो बिग बॉस 13 के कंटेस्टेंट ने शिरकत की। जहां सबके कपड़ों की थीम थी सिंदूर खेला।

इस रैंपवॉक के लिए पहुंचे विशाल आदित्य सिंह के लुक के साथ भी एक्सेपेरिमेंट किया गया था। धोती स्टाइल पैंट, शेरवानी जैकेट के साथ दुपट्टा लिए विशाल का लुक थोड़ा अलग था। क्योंकि ये दुपट्टा कम लाल रंग की चुनरी थी वहीं पैंट कम स्कर्ट नजर आ रही थी। जबकि माथे पर विशाल ने लाल सिंदूर लगाया हुआ था जो इस फैशन शो की थीम से मेल खा रहा था।

शो में सिंदूर लगाए रैंप वॉक करते आदित्य की फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। जिसे देख एक यूजर ने लिखा है कि रश्मि की चुनरी और सिंदूर आदित्य ने लगा ली है।
हांलाकि इस थीम का मकसद हर जेंडर के बीच समानता दिखाना था। जिसे ये ड्रेस पूरी करती नजर आ रही थी।
