बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने मंगलवार को कहा कि हमारे यहां पॉजिटिव मरीजों की संख्या कम है। पिछले 60 घंटे में कोई भी पॉजिटिव केस नहीं आया है। लगातार जांच हो रही है। यह अच्छी बात जरूर है, लेकिन इससे खुश होकर बाहर निकलने की जरूरत नहीं है। लॉकडाउन का पालन जरूरी है।

मंगल पांडेय ने कहा कि पीपीई किट, टेस्ट किट, मास्क या किसी अन्य जरूरी सामान की कमी नहीं है। डॉक्टर और पारामेडिकल स्टाफ के लिए जरूरी पीपीई किट हमारे पास 30 हजार से अधिक मौजूद है। आवश्यकता अनुसार पीपीई किट सभी जगह भेजे गए हैं। 98 हजार से अधिक एन 95 मास्क पटना में हमारे स्टोर में रखे हैं। आवश्यकता अनुसार सभी अस्पतालों में भेजा गया है।

18 मार्च के बाद विदेश से आए लोगों को खोजकर उनकी जांच कराई जा रही है। कोई छूट नहीं जाए इसके लिए हमारी अपील है कि जो लोग 18 मार्च के बाद विदेश से आए हैं वे खुद सामने आएं और टेस्ट कराएं।
