
VAISHALI : वैशाली में गांधी सेतु पुल पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई है. मिल रही जानकारी के मुताबिक गंधी सेतु पुल पर एक ट्रक के खराब हो जाने की वजह से जाम लगा हुआ है. खराब ट्रक को हटाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है. क्रेन की मदद से ट्रक के हटाने की कोशिश लगातार जारी है.

वहीं पुल पर भीषण जाम लगने की वजह से पटना की ओर से जाने वाली गाड़ियों की भी लंबी कतार लग गई है.महात्मा गांधी सेतु पर शुक्रवार की सुबह से लेकर रात तक के बीच में रह रह कर वाहनों का दबाव बना रहा. करीब पांच किलोमीटर लंबी पूर्वी लेन की सड़क पर वाहनों की कतार लगी रही. गंगा स्नान के लिए राजधानी पहुंचने तथा लौटने वाले लोगों के वाहन सेतु पर अधिक दिखे. गायघाट स्थित पीपा पुल पर वाहनों का परिचालन गुरुवार की शाम चार बजे से लेकर शुक्रवार की शाम चार बजे तक बंद रहने के कारण सभी तरह के छोटे वाहनों का परिचालन गांधी सेतु से ही हुआ.

इस वजह से भी वाहनों की संख्या अधिक दिखी. गायघाट क्षेत्र के पुराने टोल प्लाजा के समीप सेतु पर बस के रुकने और यात्री के चढ़ने-उतरने से पीछे आ रहे वाहनों को ब्रेक लगा. सेतु पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के अवकाश को लेकर कार्यालय बंद रहने से लोगों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम रही. इस कारण जाम नहीं लगा.

उन्होंने बताया कि सोनपुर मेला शुरू हो जाने से वहां जाने और लौटने वाले वाहनों से भी दबाव बना.पुलिस की मौजूदगी के बाद भी जाम में लोग घंटों फंसे रहे. डंका इमली गोलंबर, गायघाट ग्रिड मोड से लेकर बिस्कोमान गोलंबर एवं आरओबी पर भी वाहनों की कतार लगी रही. एनएमसीएच स्थित अगमकुआं आरओबी पर चारो ओर से वाहनों की आवाजाही होने के कारण जाम लग गया. कोर्ट रोड में जाम की समस्या शाम तक बनी रही.