
SAMASTIPUR : मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बी. एलौथ गांव से 24 नवंबर को गायब हुई एक अपहृत युवती को पांच दिनों के अंदर मुसरीघरारी पुलिस ने समस्तीपुर नगर थाना के पास से बुधवार की दोपहर बरामद कर लिया है. इस संबंध में गायब युवती के पिता ने मुसरीघरारी थाना में एक अपहरण का प्राथमिकी दर्ज कराया था.

प्राथमिकी में कहा गया था कि 24 नवंबर की दोपहर उसकी 19 वर्षीय बेटी अपने घर से मुसरीघरारी चप्पल खरीदने के लिए निकली थी. शाम तक वापस उसके नहीं लौटने पर परिजनों ने काफी खोजबीन किया. खोजबीन के दौरान पता चला कि गांव के ही 2 युवकों ने उसके बेटी का गलत नीयत से अपहरण कर लिया है. उसके बाद लड़की के पिता ने गांव के ही कुंदन कुमार शर्मा एवं चंदन कुमार शर्मा के विरूद्ध मुसरीघरारी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी.

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से पुलिस मामले की जांच में जुट गई थी. बुधवार को मुसरीघरारी थानाध्यक्ष परमानंदलाल कर्ण ने गुप्त सूचना पर अपहृत युवती को नगर थाना के पास से बरामद कर लिया है. बरामदगी के बाद उक्त लड़की को मेडिकल जांच एवं 164 के बयान के लिए न्यायालय में हाजिर कराया गया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि लड़की के बयान के बाद ही मामले का खुलासा हो पाएगा. फिलहाल दोनों आरोपित युवक का गिरफ्तारी नहीं हो सकता है. पुलिस छापेमारी कर रही है.