
MAHUA : वैशाली जिले से मॉब लिंचिंग का मामला सामने आया है. उग्र भीड़ ने चोरी के आरोप में दो महिलाओं के साथ सरेआम मारपीट की है. महिला जान बचाने के लिए रहम की भीख मांगती रही, लेकिन किसी का दिल नहीं पसीजा. मौके पर उपस्थित लोग तमासाबीन बने रहे. हद तो तब हो गई जब कुछ लोग बचाने के बजाए पिटती हुई महिलओं का वीडियो भी बनाने लगे.

जानकारी के मुताबिक, मामला महुआ थाना क्षेत्र का है. कहा जा रहा है कि दोनों महिलाओं के ऊपर एक दुकान से कपड़ा चोरी करने का आरोप लगा था. इसके चलते चोर समझकर भीड़ ने बीच सड़क पर दोनों की पीटाई कर दी. सूत्रों के मुताबिक, महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों ने भी पीड़िताओं के साथ मारपीट की. इसके बाद दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया. बताया जाता है कि 4 महिलाएं दुकान में ग्राहक बनकर कपड़ा खरीदने आई थीं. इस दौरान दुकान में कपड़े चोरी करती पकड़ी गई. हालांकि, दो महिलाएं भाग गई. बाकी के दो महिलाओं को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी.

इसी साल अगस्त महीने में वैशाली के जंदाहा से मॉब लिंचिंग का मामला प्रकाश में आया था. तब गुस्सायी भीड़ ने एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी. युवक झारखंड के गुमला का रहने वाला बताया जा रहा था. मृतक युवक ने खेत में काम कर रहे ग्रामीणों पर खुरपी (चाकू) से हमला कर दिया था. इस घटना से गुस्साए लोगों ने युवक को पकड़ लिया और लाठी डंडे से इतनी पिटाई कर दी कि, जिससे उसकी मौत हो गई.