मधुबनी महोत्सव का आयोजन आज, कल होगा जिला स्थापना दिवस समारोह

MADHUBANI : अपर समाहर्ता दुर्गानंद झा की अध्यक्षता में आज शुक्रवार को मनाए जाने वाले मधुबनी महोत्सव एवं शनिवार को मनाए जाने वाले जिला स्थापना दिवस समारोह के सफल आयोजन हेतु जिले के विभिन्न विभागों से आए पदाधिकारियों सह आयोजन समिति के सदस्यों की समीक्षा बैठक समाहरणालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। इस अवसर पर अपर समाहर्ता ने कार्यक्रम के विस्तृत रूपरेखा पर सभी पदाधिकारियों से चर्चा की और इससे संबंधित निर्देश जारी किए।

जहां एक तरफ आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों, जिसमें जिले के प्रभारी मंत्री सह सूबे के कृषि मंत्री प्रेम कुमार, पीएचईडी मंत्री विनोद नारायण झा तथा पंचायती राज मंत्री कपिलदेव कामत के कार्यक्रम में आगमन तथा कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा एवं स्वच्छता के लिए पुलिस विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग को चाक—चौबंद इंतजाम करने के लिए निदेशित किया गया, वहीं आमलोगों की सुविधाओं को भी सुनिश्चित करने संबंधी दिशा निर्देश दिए गए।

मधुबनी जिले की स्थापना दिवस के मौके पर सफल आयोजन हेतु कई निर्णय भी लिए गए। इसके तहत सुबह छह बजे बच्चों की प्रभातफेरी को वाट्सन उच्च विद्यालय से झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा, तत्पश्चात महात्मा गाँधी, अम्बेडकर और विद्यापति की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण होगा। पुनः ग्यारह बजे दिन में स्थानीय वाट्सन उच्च विद्यालय के प्रांगण में बने कार्यक्रम स्थल से एनसीसी के कैडेट्स जिले में स्वच्छता को आगे बढ़ाने का संकल्प लेंगे।

कार्यक्रम में जिले भर के स्कूली बच्चों का भी चयन किया गया है जो एक दिसम्बर को दिन के ग्यारह बजे से संध्या तीन बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां करेंगे। इसी बीच दिन के दो बजे अतिथियों द्वारा कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागों से संबंधित स्टॉल का अवलोकन होगा। अपराह्न चार बजे स्थापना दिवस समारोह का विधिवत उद्घाटन होगा जिसके दौरान स्मारिका का विमोचन होगा और मधुबनी चित्रकला से संबंधित एक लघु वृत्त-चित्र ‘मधुबनी पेंटिंग थ्रू द ऐजेज’ को प्रदर्शित किया जाएगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.