फाइनेंस कंपनी कर्मी से दिनदहाड़े बाइक, रुपये व मोबाइल छीने

VIRPUR/BEGUSARAI : वीरपुर थाना से करीब एक किलोमीटर आगे मुकेश सिंह चिमनी के पास तीन अपराधियों ने एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी के कर्मी से गुरुवार की दोपहर करीब दो बजे पिस्तौल के बल पर एक बाइक, मोबाइल, 51 हजार रुपये व अन्य कागजात लूट लिया. विदित हो कि इसी माह उक्त घटनास्थल के पास पूर्व में दो बाइक की छिनतई हो चुकी है. जिसका अबतक कोई पता नहीं चल सका है.

जानकारी के अनुसार, फ्यूजन माइक्रो फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के आरओ पद पर कार्यरत पटना जिला के कांटा निवासी रत्नेश्वर ठाकुर के पुत्र गौतम कुमार अपने पैशन—प्रो बाइक से बेगूसराय जा रहा था. खैय पुल से आगे बढ़ने पर पीछे से एक बाइक पर सवार तीन बदमाश आए और उसके बाइक के आगे गाड़ी लगा दी. उसमें से एक अपराधी ने मारपीट करने के पिस्तौल दिखाकर बाइक, मोबाइल, बैग में रखे करीब 51 हजार रुपये व अन्य कागजात छीनकर बेगूसराय की तरफ भाग गए.

गौतम ने बताया कि वह डीहपर से कलेक्शन व मीटिंग कर वापस बेगूसराय जा रहा था. थानाध्यक्ष विश्वबंधु कुमार ने बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर अपराधियों के धड़पकड़ हेतु छापामारी की जा रही है.

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.