BEGUSARAI : एक्सीडेंट में बाइक सवार दो युवकों की घटनास्थल पर मौत

BEGUSARAI : बेगूसराय-रोसड़ा SH 55 पर गुरुवार को अज्ञात पिकअप ने नारायणपुर ढाला के निकट अनियंत्रित होकर बाइक में ठोकर मार दिया. ठोकर लगने से बाइक सवार दो युवक की मौत घटनास्थल पर हो गई. पिकअप की ठोकर लगते ही आसपास के लोग दौड़ कर आये और जख्मी को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश में लग गए. परंतु तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी.

इधर घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर भाग निकला. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मृतक की पहचान करने में लग गई. बाद में मृतक युवक की पहचान वैशाली जिले के हाजीपुर के जलालपुर गांव निवासी सुशील कुमार सिंह (27) तथा आदित्य कुमार (28) के रूप में की गई. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल पर काफी शोरगुल मचाया. खोदावंदपुर पुलिस शव को अपने कब्जे मेंं लेकर थाना ले गई. थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है. परिजनों के खोदावंदपुर पहुंचते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.

बताया जाता है कि बाइक सवार दोनों युवक बेगूसराय से रोसड़ा जा रहे थे. सामने से आ रहे अनियंत्रित पिकअप वाहन ने बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी. ब्लू रंग की होंडा शाइन बाइक BR 31/ 5814 पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. पुलिस ने बताया कि बाइक वैशाली जिले के हाजीपुर के जमालपुर गांव निवासी विजय कुमार सिंह के नाम से निबंधित है. पुलिस अज्ञात पिकअप वाहन का पता लगाने में जुटी है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.