
SAMASTIPUR : सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किए जाने के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने अनुमंडल क्षेत्र के शिवाजीनगर अंचल कार्यालय पर आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने सीओ को ज्ञापन सौंपा।

आक्रोशित लोगों ने बताया कि प्रखंड के घिवाही पंचायत के कामेश्वर नगर गांव में 5 बीघा 13 कट्ठा रकबा सरकारी जमीन में अवस्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय बांदा कॉलोनी, आंगनबाड़ी केंद्र स्वास्थ्य उपकेंद्र, ब्रह्म स्थान का निर्माण पूर्व से है। उक्त जमीन के ही आसपास गांव के कुछ दबंगों के द्वारा जमीन पर अवैध ढंग से कब्जा कर लिया गया है। जिसके चलते हम सब ग्रामीण प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने प्रदर्शन के बाद अंचलाधिकारी को एक आवेदन सौंपा है जिसमें दर्शाया गया है कि उक्त जमीन के प्लॉट पर न्यायालय में बरसों पूर्व से मामला लंबित है। न्यायालय से इसका कोई निष्कर्ष निष्पादन नहीं हुआ है और इसी बीच गांव के कुछ दबंग लोगों ने साजिश के तहत कब्जा जमाना चाहते हैं। इस जमीन की अवैध कब्जा से संबंधित आवेदन शिवाजीनगर ओपी पुलिस को भी कुछ दिनों पूर्व दिया गया था लेकिन इस पर कोई कार्यवाही नहीं हुई।
प्रदर्शनकारियों में उमा देवी, रंजू देवी वार्ड सदस्य, बिहारी पासवान, संतोष पोद्दार, मदन मंडल, बिलट दास, रामभरोस कमती, दयानंद पोद्दार, राजेश पोद्दार, रवि मुखिया, तुलसी दास सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल थे।