मोतिहारी : अनुमंडलीय अस्पताल चकिया में हो रहा है कोविड मरीजों का इलाज

– मरीजों के इलाज में ऑक्सीजन, बेड, आवश्यक दवाएं है उपलब्ध

मोतिहारी। लोगों को कोविड-19 की दूसरी लहर से बचाने के लिए पूर्वी चम्पारण के चकिया प्रखंड अन्तर्गत अनुमंडलीय अस्पताल में कोविड-19 के मरीजों का इलाज किया जा रहा है। इलाज के दौरान साफ -सफाई के साथ कोविड प्रोटोकॉल का पालन सभी स्वास्थ्य कर्मी कर रहे हैं। अस्पताल उपाधीक्षक डॉ चंदन कुमार ने बताया कि यहाँ कोविड 19 की जाँच, टीकाकरण के साथ सामान्य बीमारियों का भी इलाज किया जा रहा है। वहीं टीकाकरण के कार्यों में केयर इंडिया टीम भी सहयोग कर रही है। उन्होंने बताया कि अनुमंडलीय अस्पताल क्षेत्र के कोविड मरीजों को इलाज कर ठीक किया जा रहा है । वहीं कोविड19 के गम्भीर मरीजों को हालत में सुधार न होने पर मुज़फ्फरपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया जाता है। अस्पताल प्रबंधन के तरफ से भर्ती मरीजों का समय-समय पर निरीक्षण कर आवश्यक दवाए एवम सेवा उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में कोविड मरीजो को मुफ़्त भोजन,दवाई, ऑक्सीजन, व सुविधाएं मुहैया कराई गई है।


वहीँ प्रखंड क्षेत्रों में कोविड-19 टीकाकरण के लिए कैम्प का आयोजन किया जा रहा है । जिसमें 18 वर्ष से ऊपर के साथ 45 वर्ष से ऊपर के लाभार्थियों को भी कोविड का टीका दिया जा रहा है। टीकाकरण के पूर्व लोगों के आधार का ऑनलाइन सत्यापन व रजिस्ट्रेशन के बाद लाभार्थी को टीकाकरण केन्द्र पर कोरोना प्रोटोकॉल के पालन के साथ टीकाकरण किया जाता है। वहीँ टीकाकरण के पूर्व प्रखंड क्षेत्र में चौपाल के साथ जागरूकता अभियान भी लगातार चलाया जा रहा था । ताकि ग्रामीणों को अधिक संख्या में कोविड का टीकाकरण किया जा सकें । उन्हें मास्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने , समय-समय पर हाथों को साबुन से या सैनिटाइजर से साफ करते रहने के साथ बेवजह घरों से न निकलने की बातें बताई जाती हैं। जिसका अब ग्रामीण पालन कर रहे हैं । जागरूकता के कार्यों में आशा फैसिलिटेटर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्यकर्मी व स्थानीय जनप्रतिनिधि भी सहयोग कर रहे हैं।

कोरोना से बचने के लिए टीकाकरण बेहद आवश्यक :
पूर्वी चम्पारण के सिविल सर्जन डॉ अखिलेश्वर प्रसाद सिंह ने बताया टीकाकरण के द्वारा देश में लाखों लोग सुरक्षित हो रहे हैं। कोविड से बचने के लिए देश मे चल रहा टीकाकरण बेहद सुरक्षित एवं प्रभावी है । टीकाकरण के बारे में वैज्ञानिक अनुसंधान में अब यह बात सामने आ रही है कि जिन लोगों ने कोविड- 19 का दोनों डोज लिया है और अगर वह कहीं से भी कोरोना से संक्रमित हो भी जाते हैं तो स्वस्थ होने में उन्हें अधिक समय नहीं लगता है।उन्होंने बताया सभी अस्पतालों के चिकित्सा पदाधिकारियों व स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना के मरीजों के लिए हर प्रकार की दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं । किसी प्रकार की दिक्कत होने पर तुरंत जिला अस्पताल से सम्पर्क करने को कहा गया है । अभी तक लगभग 13.5 लाख लोगों की कोरोना की जाँच की जा चुकी है । सदर अस्पताल के कोरोना आइसोलेशन सेंटर पर कंट्रोल रूम भी खोले गए हैं जिसमें लगातार स्वास्थ्य कर्मी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

आरटी पीसीआर जांच एवं एंटीजन टेस्ट भी किया जा रहा है।
सिविल सर्जन ने बताया जगह -जगह मास्क पहनने व कोरोना से बचने के लिए जागरूकता फैलायी जा रही है। कोरोना के मरीज मिलने पर जांच करने के बाद उन्हें होम क्वारंटाइन किया जा रहा है। वहीं गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में मरीजों का इलाज किया जा रहा है । आपातकालीन स्थिति में मरीजों को पटना रेफर भी किया जा रहा है । वहीं आरटी पीसीआर जांच एवं बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों व स्कूलो में कोविड टीकाकरण बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है। जब तक सभी लोगों का टीकाकरण नही हो जाता कोरोना काल मे सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने कोविड से बचाव के लिए लोगों को किसी भी जगह पर जाने से पहले मास्क जरूर लगाने को कहा है । उन्होंने कहा इस बात का जरूर ध्यान दें कि आपका मास्क उतरने न पाए। खांसने और छींकने वाले लोगों से रहें दूर। बिना आवश्यक कार्य के घरों से बाहर न जाएं ।

केयर इंडिया के ब्लॉक मैनेजर कुन्दन कुमार रौशन ने बताया इस कार्य में केयर इंडिया टीम द्वारा लक्ष्य प्राप्ति हेतु सभी सत्र स्थल पर आवश्यक सहयोग किया जा रहा है । स्वास्थ्य केंद्र पर इस कार्य में केयर इंडिया के प्रखंड प्रबंधक ने बताया कोविड टीकाकरण में लगातार स्वास्थ्य कर्मी अपनी सेवाएं दे रहे हैं । सभी मास्क, सैनिटाइजर के साथ कोरोना प्रोटोकॉल के नियमों का पालन करते हुए सेवा दे रहे हैं । मौके पर डॉ राजीव रंजन, केयर प्रबंधक कुन्दन कुमार रौशन, एनएमएस एलिशा कुमारी, जीएनएम प्रतिभा कुमारी, कोमल कुमारी सहित कई स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे ।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading