केंद्रीय मंत्रिमंडल में जनता दल यूनाईटेड (JDU) के शामिल होने के बाद बिहार में सियासी कयासबाजी 4 दिन बाद भी जारी है। एक मंत्री पद पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मानने की सब लोग अपने स्तर से अलग-अलग कहानी सुना रहे हैं।
इन सबके बीच मंत्री पद के प्रबल दावेदार रहे मुंगेर से लोकसभा सांसद ललन सिंह ने पहली बार शनिवार को इस पर चुप्पी तोड़ी है। कहा- “कैबिनेट में शामिल होने का फैसला पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामचंद्र प्रसाद सिंह (RCP सिंह) का है। RCP को नीतीश कुमार और पार्टी ने अधिकृत किया था कि वह केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने को लेकर फैसला लेंगे। उनके पास जो प्रस्ताव आया, उसके ऊपर उन्होंने फैसला किया।’
ललन सिंह पूर्व विधायक मंजीत सिंह के पार्टी में वापसी कार्यक्रम में ये सब बोल रहे थे। सिंह के इस बयान के बाद से बिहार में फिर से सियासी चर्चा जोरों पर है कि क्या नीतीश कुमार की मर्जी के बिना RCP सिंह ने ये फैसला लिया? क्या पार्टी के अंदर सब कुछ ठीकठाक नहीं है? RCP और नीतीश कुमार के बीच दूरियां बढ़ रही है क्या?
2019 में नीतीश कुमार थे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष
साल 2019 के एक मंत्री पद के ऑफर को ठुकराने के सवाल पर ललन सिंह ने कहा कि तब नीतीश कुमार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे और उस वक्त जो प्रस्ताव आया था, उसे पार्टी ने स्वीकार नहीं किया था। तब फैसला नीतीश कुमार ने पार्टी के सभी नेताओं के साथ चर्चा के बाद लिया था। उस समय हम लोगों ने मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होने का निर्णय लिया था।
यह पूछे जाने पर कि क्या इस बार चर्चा की गई थी तो सांसद ने कहा कि मुझे इसकी जानकारी नहीं है। यह जरूर सुनने में आया कि पार्टी केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल हो रही है। इस जवाब के साथ ही ललन सिंह ने बाकी सवालों को टाल दिया।
मंजीत सिंह की JDU में वापसी
JDU के पूर्व विधायक मंजीत सिंह की वापसी फिर से JDU में हो गई है। मंजीत सिंह ने विधानसभा चुनाव के समय JDU से अलग होकर निर्दलीय चुनाव लड़ा था। मंजीत सिंह गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर से चुनाव लड़ते हैं, लेकिन इस बार यह सीट सहयोगी BJP के पास चली गई थी। तब मंजीत निर्दलीय चुनाव लड़े थे। जिसके बाद उन्हें JDU से निलंबित कर दिया गया था। पार्टी में वापसी के बाद मंजीत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार मेरे राजनीतिक पिता हैं। कार्यक्रम में MP ललन सिंह, मंत्री विजय कुमार चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा सहित कई नेता मौजूद थे।
एक जुलाई को तेजस्वी से मिले थे मंजीत
JDU से बाहर चल रहे मंजीत सिंह एक जुलाई को राजद नेता तेजस्वी यादव से मिलने उनके आवास पर चले गए थे और सोशल मीडिया पर 3 जुलाई को राजद में शामिल होने की बात कही थी। इसके बाद CM नीतीश कुमार ने अपने बड़े नेताओं को भेजकर मंजीत को पटना बुलाया और मनाया था। तब मंजीत मान गए थे।