पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश का अलर्ट, बिहार के अन्य जिलों में हल्की बारिश

मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बिहार के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। राज्य के अधिकांश जिलों में गरज के साथ आकाशीय बिजली का अलर्ट है। राज्य में 24 से 48 घंटे तक यही स्थिति बनी रहेगी। पटना में मौसम सामान्य होने या फिर हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है। उत्तर-पश्चिम बिहार में बारिश का बड़ा असर देखा जा सकता है।

ऐसे बदल रहा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के मुताबिक, एक ट्रफ रेखा उत्तर पश्चिम राजस्थान से पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी तक पूर्वी राजस्थान, उत्तरी-मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा होते हुए समुद्र तल से 2.9 किमी पर स्थित है। इसके साथ बंगाल की खाड़ी से दक्षिण पूर्वी हवा के साथ नमी प्रचुर मात्रा में बिहार में प्रवेश हो रहा है। इन सभी कारणों से आने वाले 24 से 48 घंटे में प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश गरज के साथ आकाशीय बिजली की संभावना है। वहीं राज्य के एक-दाे स्थानों पर जैसे उत्तर पश्चिम बिहार के पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। बिहार के शेष भागों में गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने का भी पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान भी गलत
मौसम का मिजाज ऐसा बदल रहा है कि मौसम विभाग का पूर्वानुमान भी गलत हो जा रहा है। रविवार काे पटना सहित मध्य और दक्षिण बिहार के 19 जिलों में 3 से 19 एमएम, जबकि फारबिसगंज में 132 एमएम तक बारिश हुई। हालांकि बारिश अधिक देरी तक नहीं हुई लेकिन इसे लेकर मौसम विभाग का कोई पूर्वानुमान नहीं था। पटना की बारिश ने तो मौसम विभाग के सिस्टम को भी फेल कर दिया। पटना में रविवार को अचानक बारिश हुई और मौसम विभाग का पूरा रडार फेल हो गया।

थंडर स्टॉर्म के कारण बारिश
मौसम विभाग का कहना है कि थंडर स्टॉर्म के कारण मौसम में अचानक परिवर्तन हो रहा है। पटना में अचानक से बिना किसी पूर्वानुमान के बारिश का यही कारण है। मौसम विभाग इसकी वजह नमी और गर्मी से बढ़ी उमस और थंडर स्टॉर्म बता रहा है। जबकि मानसून सत्र में कई बार मौसम विभाग के पूर्वानुमान के विपरीत बारिश हुई है। पटना में सभी जगहों पर एक साथ बारिश होना भी इसकी एक बानगी है। पटना में बेली रोड, राजीवनगर, बोरिंग रोड में तेज, ताे बेउर, रामकृष्णानगर, सरिस्ताबाद, फुलवारीशरीफ में बारिश हुई, जबकि इसका कोई पूर्वानुमान था ही नहीं।

बारिश को लेकर मौसम विभाग का अनुमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि मौसम का जो सिस्टम एक्टिवेट हो रहा है, उससे 24 से 48 घंटे के अंदर बिहार के उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्व के जिलों में 17 एमएम तक, पूर्वी-पश्चिम चंपारण में 65 एमएम तक, जबकि पटना, गया, नालंदा, बेगूसराय सहित 14 जिलों में 3 से 12 एमएम तक बारिश होने की संभावना है। पटना में रविवार को अधिकतम तापमान डिग्री 28.4 और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इस दौरान 8 एमएम बारिश हुई। सोमवार को पटना के तापमान में कोई खास गिरावट की संभावना नहीं है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.