पटना मेट्रो की निर्माण कंपनी डीएमआरसी ने ओवरहेड बिजली आपूर्ति सिस्टम से जुड़े उपकरणों को लगाने के लिए 144.65 करोड़ का टेंडर किया है। इसमें दोनों कोरिडोर के साथ आईएसबीटी डिपो का भी काम शामिल है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने 25 केवी के ओवरहेड बिजली आपूर्ति सिस्टम से जुड़े उपकरणों की आपूर्ति, स्थापना, टेस्ट और चालू करने के समेकित कार्य के लिए करीब 36 माह का समय दिया है। 9 अगस्त तक वेबसाइट से ई-टेंडर अपलोड किया जा सकता है।
टेंडर जमा करने की अवधि 26 अगस्त से 2 सितंबर के बीच होगी। तीन सितंबर को टेंडर खोला जाएगा। पहले चरण में आईएसबीटी से मलाही पकड़ी (प्रायाेरिटी कॉरिडोर), 6.60 किमी एलिवेटेड स्ट्रक्चर का निर्माण करना है, जिसमें अभी काम शुरू हुआ है। इसके लिए कंकड़बाग में पाइलिंग का काम वल रहा है। डिपो के लिए जमीन अधिग्रहण का काम अभी बाकी है, पर आईएसबीटी डिपो में गेज ट्रैक बिछाने का टेंडर निकाला जा चुका है, जिसे दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

पटना मेट्रो रेल प्रोजेक्ट की कुल लागत 13,366 करोड़ है, जिसको 32.487 किलोमीटर लंबाई में दो कॉरिडोर में निर्माण करना है। पहला कॉरिडोर दानापुर से मीठापुर 17.93 किलोमीटर और दूसरा कॉरिडोर पटना रेलवे स्टेशन से आईएसबीटी तक 14.55 किलोमीटर है।