मधुबनी। खुटौना प्रखंड के दुर्गापट्टी गांव में 50 बेड का आयुष अस्पताल बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। रविवार को डीएम अमित कुमार के द्वारा 50 बेड के आयुष अस्पताल की स्थापना के लिए चिन्हित भूमि का स्थल निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण के दौरान झंझारपुर के सांसद रामप्रीत मंडल भी उपस्थित थे। मालूम हो कि दुर्गापट्टी गांव में राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत 50 बेड का आयुष अस्पताल बनाया जाएगा।

इसको लेकर राज्य आयुष समिति के विशेष सचिव सह कार्यपालक निदेशक ने जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी डा.हरेंद्र कुमार लाल दास को भूमि की उपलब्धता की जानकारी एवं दिशा निर्देश से संबंधित प्रस्ताव राज्य आयुष समिति को भेजने का भी निर्देश दिया था। दिए गए निर्देश में कहा गया था कि झंझारपुर सांसद रामप्रीत मंडल ने पत्र लिखकर अपने संसदीय क्षेत्र झंझारपुर के खुटौना प्रखंड के दुर्गापट्टी गांव में 50 बेड का इंट्रीग्रेटेड आयुष अस्पताल के निर्माण के लिए केंद्रीय मंत्री से किरेन रिजेजु से अनुरोध भी किया था। इस अस्पताल में मेडिकल टीम बनाई जाएगी। जिसमें 01 मेडिकल सुप्रीडेंटेंट, 03 एसएमओ, 6 मेडिकल आफिसर्स, 01 एकाउंट आफिसर्स, 12 नर्सिंग स्टाफ, 2 पंचकर्मा टेक्निशीयन, 3 फार्मासिस्ट, 2 लेबोरटरी टेक्निशीयन, 3 लिपिक, 8 वार्ड बॉय, सहित चतुर्थवर्गीय कर्मी व अाउटसोसर्ट के स्टाफ भी रहेंगे। 1 हजार एस्क्वायर फिट में प्रशासनिक ब्लॉक बनाया जाएगा। ओपीडी, आईपीडी, आरएमओ, सीएमओ ऑफिस, कैंटिन, नर्स ड्यूटी रूम, ऑडियोमेट्री रूम, रजिस्ट्रेशन व रिकार्ड रूम सहित अन्य निर्माण कार्य भी किए जाएंगे। इस मौके पर फुलपरास के अनुमंडल पदाधिकारी, जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी, खुटौना के बीडीओ, सीओ सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।