दहाई से कम सीटों के अंतर से मुख्यमंत्री के पद तक पहुँचने से चुकने वाले तेजस्वी यादव के सत्ता के शीर्ष तक पहुँचने की अटकले एक बार फिर से तेज होने लगी है. महागठबंधन के नीतीश कुमार की सरकार के गिरने के दावा करने के बीच अब राष्ट्रीय जनता दल के विधायक भाई वीरेन्द्र ने बड़ा दावा किया है. मनेर से पार्टी विधायक भाई वीरेंदर ने दावा किया है कि अगले 15 अगस्त को नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव ही गांधी मैदान में झंडा फहराएंगे. राजद विधायक ने इसके लिए बिहार में खेला शुरू होने की बात भी कही है. मनेर विधायक के इस दावे के बाद बिहार के सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है.
VIP सुप्रीमो सहनी की नाराजगी से मिल रहा दावे को बल
भाई वीरेंद्र के दावे को इस दफा हल्के में नहीं लिए जाने के पीछे की वजह एनडीए सरकार में शामिल वीआइपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी के बगावत भरे तेवर है. यूपी के वाराणसी में अपने साथ हुए दुर्व्यवहार का मुद्दा उठाते हुए मुकेश सहनी ने कुछ दिनों पहले ही मानसून सत्र को लेकर आयोजित एनडीए के बैठक का बहिष्कार कर दिया था. इसके अलावा सहनी ने नीतीश कुमार सरकार पर अपने बातों के अनसुनी का आरोप भी लगाया था. यहीं नहीं, एनडीए की बैठक का बहिष्कार करते हुए मुकेश सहनी ने यहाँ तक कह दिया था कि बिहार में लगता ही नहीं है कि चार दलों की सरकार चल रही है.

आसन नहीं है बिहार का सियासी समीकरण
मुकेश सहनी के तल्ख तेवर के बावजूद राजद विधायक के दावे के मुताबिक चीजें इतनी सहज दिखती नहीं है. इसका वजह बिहार का उलझा सियासी समीकरण है. दरअसल एनडीए के पाले में बीजेपी के 74, जेडीयू के 43, मांझी के हम के 4, साहनी की वीआइपी के 4 और एक निर्दलीय यानी कुल 127 का समर्थन है. वहीं, महागठबंधन के पास राजद के 75, कांग्रेस के 19 और वाम दलों के 16 सहित टोटल 110 का आंकड़ा है. इसमें ओवैसी की एआईएआईएम के 5 विधायकों का बाहर से समर्धन होने पर कुल 115 तक पहुंच जाता है. अब बिहार विधानसभा की 243 सीटों में बहुमत का आंकड़ा 122 होता है, ऐसे में मांझी-सहनी अगर पलटते हैं तो 115 +4+4 यानी आंकड़ा 123 तक पहुंच जाएगा. तो कुल मिलाके देखे तो अगर राजद सहनी को परिस्थितिवश पर अपने पाले में कर भी लेती है, तो उस बहुमत के आंकड़े को जुटाने के लिए मांझी और ओवैसी की पार्टी को भी साथ लेना होगा. जिसकी संभावना कम ही दिखती है. हालाँकि यह देखना दिलचस्प होगा कि राजद विधायक के दावे में कितना दम है.
