KISHANGANJ (ARUN KUMAR) : कोरोना काल में फरियादियों की समस्याओं के निस्तारण हेतु एसपी कुमार आशीष ने एक नवीन व्यवस्था लागू की है. इस नयी व्यवस्था में प्रत्येक सप्ताह मंगलवार दोपहर 01 बजे से 02 बजे के बीच किशनगंज पुलिस अधीक्षक वर्चुअल माध्यम (गूगल डुओ) के माध्यम से जिले के सभी थानाध्यक्षों, अंचल निरीक्षकों से संवाद करेंगे. इसके लिए सभी पुलिस कार्यालयों को सैमसंग कंपनी का अत्याधुनिक टैब जो पूर्व से ही उपलब्ध है, इसमें गूगल के माध्यम से सभी एक साथ अपने थाना या ऑफिस में 12 बजे से ऑनलाइन रहेंगे. ऐसे कोई भी व्यक्ति जिन्हें एसपी या डीएसपी से बात करनी है या कोई शिकायत जिसका समाधान स्थानीय थाना स्तर पर नहीं किया जा रहा है, जन-हित से जुड़े कोई सुझाव देना चाहते हों, वो अपने अपने नजदीकी थाने पर जाकर थानाध्यक्ष के सामने ही एसपी किशनगंज से वर्चुअल तरीके से रूबरू होकर अपनी बात नि:संकोच रख सकते हैं. इस व्यवस्था में उन्हें स्वयं चलकर या किसी वाहन से एसपी ऑफिस स्वयं आने की आवश्यकता नहीं होगी.
त्वरित न्याय के समुचित महत्व हेतु किशनगंज एसपी की सराहनीय पहल
एसपी कुमार आशीष के अनुसार लोग सुदूर क्षेत्र यथा टेढ़ागाछ, दिघलबैंक, ठाकुरगंज, कोचाधामन, गलगलिया आदि अन्य जगहों से विभिन्न मामलों को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचते रहते हैं। ऐसे में उनके समय की बर्बादी के साथ वर्तमान के कोरोना संक्रमण का भी डर बना रहता है। लोगो को आने जाने में आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ता है। प्राय: ये देखा जाता है की लोग स्थानीय थाना न जाकर शीघ्र समाधान के लिए सीधे एसपी कार्यालय आ जातें हैं। यहाँ वे आवदेन देते हैं। पुनः वही आवेदन संबंधित थाना जाता है। निर्देश व आश्वासन के बाद दो से तीन दिनों का फासला अवश्यंभावी हो जाता है। तब तक त्वरित न्याय का समुचित महत्व नही रह जाता है। जिसके कारण दुबारा वे मुख्यालय पहुंच जाते हैं। और ये सिलसिला चलता रहता है.मामले का ऑन द स्पॉट निपटारा
ऑन द स्पॉट मामले के निपटारा के लिए अब लोग स्थानीय थाना के तकनीकी उपकरण के माध्यम से किशनगंज एसपी कुमार आशीष से सीधे संवाद कर रहे हैं और अपनी परेशानियों को जिले के सक्षम प्राधिकार को स्वयं बता रहे हैं। संवाद के दौरान ही मौजूद स्थानीय थानेदार/पुलिस पदाधिकारी को समस्या के समाधान हेतु त्वरित निष्पादन हेतु निदेशित किया जा रहा है। किशनगंज के नागरिक भी किशनगंज एसपी द्वारा संचालित वर्चुअल माध्यम से थाना स्तर से लेकर वरीय पुलिस अधिकारियों यथा एसपी, एसडीपीओ, डीएसपी को अपनी समस्याएं बता रहे हैं जिनका निष्पादन भी किया जा रहा है। एसपी से वर्चुअल माध्यम से मिलने के लिए यह जरूरी नहीं की उनके पास एंड्रॉयड मोबाइल या इन्टरनेट की सुविधा है या नहीं। बल्कि उन्हें ऐसे मोबाइल की कोई आवश्यकता नहीं।
इस समय कर सकते हैं संवाद
प्रत्येक मंगलवार को नियत समय पर उन्हें सिर्फ अपने नजदीकी थाने में जाकर SHO/CI (थानाध्यक्ष या सर्किल इंस्पेक्टर) से अनुरोध करना होगा की वो एसपी से ऑनलाइन बात करने में मदद करें, जिसके लिए सम्बंधित थाने में पहले से टैब इन्टरनेट कनेक्शन के साथ उपलब्ध है. पब्लिक की कठिनाईयों को जिला पुलिस समझती है, जिसकी वजह से सभी थाने में ही यह व्यवस्था की गई है। इस व्यवस्था के पूर्ण कार्यान्यवन के लिए डीएसपी प्रशिक्षु मुकेश ठाकुर एवं मनीष चन्द्र लगातार लगे हुए है, उनके सहयोग के लिए जिला पुलिस की टेक्निकल टीम भी अपनी आवश्यक तकनीकी सहयोग लगातार दे रही है.मुख्यालय डीएसपी व एसडीपीओ कर रहे मॉनिटरिंग
वर्चुअल माध्यम से एसपी से मिलने के लिए पुलिस की तकनीकी व्यवस्था को लगातार दुरूस्त किया जा रहा है। वर्चुअल मीटिंग को लेकर पिछले रविवार को मॉक ड्रिल भी किया गया। इस व्यवस्था को लेकर किसी-किसी थाने में थोड़ी नेटवर्क की समस्या उत्पन्न हो रही थी। जिसे दुरुस्त करने को लेकर बीएसएनएल व अन्य नेटवर्किंग कम्पनियों से वार्ता की जा रही है। मुख्यालय डीएसपी अजय कुमार झा व एसडीपीओ अनवर जावेद अंसारी व्यवस्था की मोनेटरिंग करेंगे। इसमे लगाए जाने वाले कर्मियों को भी प्रशिक्षित किया जा रहा है।कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट एसपी को सौंपते हैं डीएसपी-एसडीपीओ
वर्चुअल संवाद में एसपी द्वारा फरियादियों की समस्या सुनने के दौरान एसडीपीओ के साथ साथ डीएसपी मुख्यालय भी मौजूद रहते हैं जो मामले में कार्रवाई होने तक मॉनिटरिंग करते हैं. फरियादियों की समस्याओं के आलोक में थानेदार द्वारा क्या-क्या कार्रवाई की गई, पुरे सप्ताह के दौरान किन-किन मामलों में क्या प्रगति हुई, थानेदारों द्वारा पीड़ितों के मामलों क्या उचित कदम उठाये गए इसकी पूरी रिपोर्ट एसपी को सौंपने की जिम्मेवारी एसडीपीओ और डीएसपी मुख्यालय की है.
ऑन द स्पॉट निराकरण को लेकर उठाए गए कदम : एसपी किशनगंज
एसपी कुमार आशीष ने कहा कि कोरोना के मद्देनजर लोगो को सुरक्षित व ऑन द स्पॉट मामले का निराकरण के लिए यह कदम उठाया गया है। इससे लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी. त्वरित न्याय के साथ समय की बचत होगी और आर्थिक नुकसान से भी छुटकारा मिलेगा। प्रत्येक मंगलवार को समय 01 बजे से 02 बजे के बीच में बेहिचक अपने नजदीकी थाना आकर अपनी समस्या बताएं, किशनगंज पुलिस आपकी सहायता के लिए सदैव तत्पर है।वर्चुअल संवाद के जरिये जनता से सीधे जुड़ने वाले पहले एसपी होंगे कुमार आशीष
कोरोना संक्रमण के मद्देनजर किशनगंज पुलिस अधीक्षक की पहल पर वर्चुअल मोड से सुनवाई करने वाला बिहार का पहला जिला किशनगंज है जिसकी शुरुआत किशनगंज पुलिस अधीक्षक द्वारा की गई है. सुचारु रूप से चल रहे इस वर्चुअल संवाद/मीटिंग के लिए एसपी कुमार आशीष ने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए हैं. एसपी श्री आशीष ने बताया कि यह व्यवस्था पूर्ण रूपेण नि:शुल्क उपलब्ध करवाई जा रही है. बावजूद अगर किसी भी स्तर से कोई इस कार्य के लिए फीस या किसी प्रकार की राशि की मांग करता है, तो फ़ौरन उसकी शिकायत वरीय पदाधिकारियों को करें.

