मुजफ्फरपुर: लक्ष्मी कॉलोनी, बेला और मिठनपुर लाला के घरों में घुसा पानी, लोगों को घर से निकलना हुआ मुश्किल

ओमप्रकाश दीपक
मुजफ्फरपुर। शहर के पूर्वी दक्षिणी के कोण पर बसे इलाका लक्ष्मी कॉलोनी, बेला और मिठनपुर लाला पूरी तरह जलमग्न है। नगर निगम ने इन मुहल्लों को अपने क्षेत्र में तो ले लिया, लेकिन टैक्स उगाही के अलावा आज तक जनता को कुछ नहीं दिया।

शहर के इस वार्ड 49 की स्थिति देखने के लिए आज तक कोई नहीं आया। पहली बार बरसात के पानी से ऐसी खराब हालत मुहल्ले की हुई है। लगभग पचास हजार आबादी आज एक माह से पानी से त्रस्त है।

यहां के लोग जुगाड़ की नाव के माध्यम से आवागमन कर रहे हैं। जो भी काम होता है, दिन में ही मुहल्ले के लोग कर लेते हैं। शाम ढ़लते ही घर में परिवार के साथ कैद हो जाते हैं।

शहर के प्रसिद्ध बेला औद्योगिक क्षेत्र के कई उद्योगों के परिसर भी पानी से लबालब भरे हुए हैं। बेला के आसपास वाले पूरा इलाका पूरी जलजमाव की चपेट में है। लक्ष्मी कॉलोनी मुहल्ले की सड़क की हालत यह है कि जिधर जाओ पानी ही पानी नजर आ रहा है। कई लोगों के घरों में भी पानी घुस गया है। पानी निकलने का कोई साधन भी नहीं है।

स्थिति यह है कि यहां पर धूप की कृपा पर ही पानी घटता है। मुहल्ले की अधिकांश सड़कों पर एक से तीन फीट पानी लगा है। जिससे सड़क का पता तक नहीं चलता है। हालात यह है कि बुढ़े, बच्चे एवं महिला घर से निकलना बंद कर दिया है। वहीं कीड़े मकोड़े अलग निकल रहे हैं।


लक्ष्मी कॉलोनी मुहल्ले के किशन कुमार ने बताया कि एक माह से मुहल्ला पानी से लबालब है। अधिक जलजमाव के कारण मुहल्ले के लोगों ने एक माह से दोपहिया वाहन तक चलाना छोड़ दिया है। साइकिल से आवागमन कर रहे हैं। या फिर पैदल ही चलकर अपना जरूरी काम करते है।

हालत यह है कि 90 प्रतिशत इलाका आज जलमग्न है। बावजूद इसके कोई सुधि लेना वाला जनप्रतिनिधि नहीं है। बीच मुहल्ला की स्थिति तो और भयावाह है। घरों में पानी रहने के कारण चौकी रखकर या फिर दूसरी मंजिल पर खाना बनाने का काम करते हैं। मिठनपुरा चौक से सटे दक्षिणी छोर वाले मुहल्ला मिठनपुर लाला का भी बुरा हाल है। पूरी सड़क जलमग्न है।

सिद्धि विनायक पुरम लेन वन में एक से डेढ़ फीट पानी लगा है। सिद्धि विनायक पुरम लेन दो और तीन में डेढ़ से ढ़ाई फीट पानी लगा है। जिसके कारण दोपहिया वाहन चलाना भी मुश्किल बना हुआ है।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.