मुजफ्फरपुर। शहर के रसूलपुर जिलानी स्थित बोधि आश्रम में श्रद्धाभाव से गणेशोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान भगवान गणेश की विधि-विधान से प्रतिमा की स्थापना करने के साथ फूल, पान, लड्डू, दूब अर्पित कर पूजा-अर्चना की गई। वहीं शहर से लेकर दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने बढ्चढ़ कर हिस्सा लिया और श्रद्धा व आस्था के साथ भगवान गणेश को पान, फूल, दूब अर्पित कर मनोकामना पूर्ण करने के लिए वंदना की।
इससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। वहीं भक्तों के आने का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालुओं ने बारी-बारी भगवान गणेश को पुष्प अर्पित कर उनकी पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान भगवान को 56 भोग लगाकर दूब की माला पहनाई गई।

गुरु मां डॉ.बोधि कश्यप ने बताया कि गणेश चतुर्थी पर हर वर्ष प्रतिमा की स्थापना कर विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की जाती है।

इस दिन भगवान गणेश की पूजा का विशेष महत्व है। इस दिन 21 हरे दूब से गणेशजी की पूजा करने मात्र से पूरे वर्ष किसी भी तरह का विघ्न नहीं आता।

खासकर कुंवारी कन्याओं को इस दिन हल्दी से गणेशजी की प्रतिमा बनाकर दूब, पान, लड्डू से पूजा करनी चाहिए। इससे उनकी शादी में आने वाली सभी रुकावटें दूर हो जाती है। गुरु डॉ.प्रभात कश्यप ने कहा कि गणपति प्रथम पूज्य देव है। इनकी पूजा अत्यंत ही सरल है। उधर, सृष्टि पर्व की पूर्णाहुति पर हवन-यज्ञ का आयोजन किया जिसमें श्रद्धालुओं ने हवन कर विश्व कल्याण की कामना की।

