मुजफ्फरपुर: सौन्दर्यीकरण के नाम पर गरीबों को उजाड़े जाने की नोटिस के खिलाफ आक्रोशित महाराजी पोखर के लोगों ने भाकपा-माले नगर इकाई के बैनर तले अमर सिनेमा चौक पर शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन किया।
इस दौरान कहा कि अगर सरकार और नगर निगम गरीबों को उजाड़ना बंद नहीं करती है तो आगामी 20 सितंबर को पूरे शहर में नुक्कड़ सभा आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 22 सितंबर से जिलाधिकारी के समक्ष अनशन शुरू किया जाएगा।
इस मौके पर माले नगर सचिव सूरज कुमार सिंह ने कहा कि महाराजी पोखर के आस-पास वर्षों से बसे गरीबों को सौन्दर्यीकरण के नाम पर उजाड़ना इंसानियत पर हमला है। महाराजी पोखर पर दरभंगा महाराज द्वारा बसाए गये सैकड़ों परिवार वर्षों से रहते आ रहे हैं।
नगर निगम द्वारा उन परिवारों को बिजली कनेक्शन और राशन कार्ड भी दिया गया है। फिर भी इन्हें अतिक्रमण बताकर हटाने की बात करना उचित नहीं है। नगर सचिव ने सरकार पर गरीब विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिस कंपनी को महाराजी पोखर के सौन्दर्यीकरण का टेंडर दिया गया है।

वह कंपनी अपना काम शुरू किये बगैर यह दावा कर रही है कि लोग पोखर को अतिक्रमण किये हुए हैं, जबकि यह बात सफेद झूठ है। पोखर पर कोई अतिक्रमण नहीं है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा की अगर सरकार और नगर निगम गरीबों को उजाड़ना बंद नहीं करती है तो आगामी 20 सितंबर को पूरे शहर में नुक्कड़ सभा आयोजित किया जाएगा।
इसके बाद 22 सितंबर से जिलाधिकारी के समक्ष अनशन शुरू किया जाएगा। मौके पर इंसाफ मंच मुजफ्फरपुर के जिलाध्यक्ष फहद जमां, मोहम्मद नौशाद, रियाज खान, मोहम्मद इरशाद, मुनीलाल, रंजू देवी, सीता देवी, शीला देवी, सुनिता देवी, कमलेश कुमार साह, किशोर साह, लक्ष्मण राय, बसंती देवी, आरती देवी, मुनीम महतो, रोजित, मुन्ना कुरैशी, नक्की कुरैशी, शफीक अहमद अंसारी, इरशाद अहमद, फारुख, नक्की कवाल, मुमताज, महमूद कुरैशी, ताजू आदि मौजूद थे।