मुजफ्फरपुर : एक महीने बाद भी नहीं जुटाया जा सका मठ और मंदिरों की संपत्ति का ब्योरा

मुजफ्फरपुर : विधि विभाग की ओर से जिले के 188 मठ और मंदिरों की संपत्ति का ब्योरा जुटाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया गया था, लेकिन एक महीने का समय बीतने के 15 दिन बाद भी ब्योरा नहीं जुटाया जा सका है।

 

बताया जाता है कि डेटा ऑनलाइन करने से पहले मठ-मंदिर व धर्मशाला को अतिक्रमण मुक्त किया जाना है। इसमें विधि-विभाग को मठ-मंदिरों की संपत्ति का ब्योरा सार्वजनिक करने में अंचलाधिकारियों का सहयोग नहीं मिल रहा है।

विभाग के निर्देश पर अपर समाहर्ता राजेश कुमार ने रिपोर्ट दी थी कि जिले में करीब 188 मठ-मंदिर और धर्मशाला है। रिकार्ड के अनुसार इनकी संपत्ति का शुरूआती आकलन भी किया गया था।

इसके बाद विभाग ने संपत्ति की वर्तमान स्थिति के बारे में रिपोर्ट मांगी थी। अपर समाहर्ता ने सभी अंचलाधिकारियों को रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था।

बताया जाता है कि जिले के 16 में से मात्र दो प्रखंडों ने ही विस्तृत ब्योरा नोडल अधिकारी अपर समाहर्ता को सौंपा है। अभी भी 14 अंचलों की रिपोर्ट आना बाकी है। वहीं विधि विभाग ने यह काम 31 अगस्त तक पूरा करने का निर्देश दिया था, लेकिन अभी तक ब्योरा उपलब्ध नहीं हो सका है। सौजन्य : हिन्दुस्तान

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.