मुजफ्फरपुर। सहकारिता विभाग की ओर से एक नवंबर से 31 जनवरी तक पैक्स और व्यापार मंडल् के माध्यम से धान की खरीद करेगी। वहीं पंचायत स्तर पर पैक्स और प्रखंड स्तर पर व्यापार मंडल खरीद करेगी।
इसके लिए विभाग की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है। इस साल धान की खरीदारी करने के लिए समितियों को 31 मार्च तक ऑडिट कराना आवश्यक है।
ऑडिट नहीं कराने वाले समितियों को खरीदारी से वंचित रखा जाएगा। खाद्य व उपभोक्ता संरक्षण विभाग की ओर से खरीफ विपणन मौसम 2021-22 में धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित कर दिया है।
इसमें साधारण धान 1940 रुपए प्रति क्विंटल और ग्रेड ए धान 1960 रुपए प्रति क्विंटल है। व्यापार मंडल व पैक्स में खरीदारी से पूर्व भंडारण की व्यवस्था होगी।
नमी मापक यंत्र, माप-तौल यंत्र का नवीकरण, धान खरीदारी कार्यक्रम से संबंधित बैनर-पोस्टर के माध्यम से प्रचार-प्रसार आदि इस माह 31 अक्टूबर तक करा लेना है।
बताया जाता है कि धान खरीदारी समय से करने के लिए विभाग की ओर से कई दिशा-निर्देश जारी किए गए है। इसमें जिला टास्क फोर्स की बैठक कर सक्षम समितियों का चयन करने को कहा गया है। सक्षम चयनित समितियों को धान खरीद के लिए आवश्यक कैश क्रेडिट ऋण 31 अक्टूबर तक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। डीसीओ बीरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि धान खरीदारी की तैयारी शुरू कर दी गई है। सौजन्य : प्रभात खबर