जम्मू-कश्मीर: श्रीनगर में सीजन की सबसे सर्द रात, घाटी में ठंड से जमने लगा पानी

घाटी में पारा नया रिकार्ड बनाने की ओर है। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में बीती रात न्यूनतम माइनस 3.2 डिग्री सेल्सियस पारे के साथ सीजन की सबसे सर्द रात बीती। श्रीनगर समेत अन्य हिस्सों में पानी जमने लगा है। इससे कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है।  कड़ाके की ठंड से जनजीवन पर असर दिख रहा है। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार आगामी 10 से 12 दिसंबर को कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है।

मंगलवार भी गिरते पारे से राहत नहीं मिल पाई। श्रीनगर में रात का पारा शून्य से लगातार नीचे जा रहा है। इससे कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। लेह में न्यूनतम तापमान माइनस 10.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

कारगिल में भी न्यूनतम माइनस 9.7 डिग्री सेल्सियस पारे के साथ खून जमा देने वाली ठंड पड़ रही है। जम्मू में मंगलवार को मौसम साफ रहा। यहां दिन का पारा 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। द्रास में न्यूनतम तापमान माइनस 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.