समस्तीपुर। समस्तीपुर रेल मंडल में सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। ट्रेन में बिना टिकट यात्रा न करें। पकड़े जाने पर फाइन देना होगा। टिकट लेने के लिए यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है। मंडल के अलग-अलग रेल खंडों पर 15 दिवसीय सघन टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसके कारण सामान्य टिकट की बिक्री में लगभग चालीस फीसदी का इजाफा हुआ है।
इसी कड़ी में 25 एवं 26 सितंबर को समस्तीपुर – मुजफ्फरपुर – बापूधाम मोतिहारी, समस्तीपुर- दरभंगा- जयनगर, सहरसा- मानसी आदि रेलखंडों पर टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान लगभग 4579 यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करते हुए पाया गया। जिनसे निर्धारित प्रभार के रूप में लगभग 28,40,050 रुपये वसूल किये गये।
समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम आलोक अग्रवाल के निर्देशानुसार वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सरस्वती चन्द्र के मार्गदर्शन में टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य यात्रियों को बिना टिकट यात्रा न करने के लिए जागरूक करना तथा बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाना मुख्य लक्ष्य है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सरस्वती चन्द्र ने बताया कि कोरोना महामारी घटने के बाद समस्तीपुर मंडल में अधिकांश मेल, एक्सप्रेस एवं सवारी गाड़ियों का परिचालन शुरू हो गया है। मेल एवं एक्सप्रेस गाड़ियों के सभी श्रेणियों में यात्रा के लिए अग्रिम आरक्षण अनिवार्य है। वहीं सवारी गाड़ियों में टिकट घर से अनारक्षित यात्रा टिकट लेकर यात्रा की जा सकती है। रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों को उचित यात्रा टिकट लेकर ही यात्रा करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
जिसके लिए सोशल मीडिया पर भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। विशेष टिकट जांच अभियान चलाकर वैसे यात्री जो बिना टिकट के यात्रा करते हुए पाये जाते हैं उनसे नियमानुसार प्रभार लिया जाता है। वैसे बिना टिकट वाले यात्रियों को भविष्य में बिना टिकट यात्रा न करने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक(टिकट जांच) प्रसन्न कुमार ने यात्रियों से आग्रह किया कि वे बिना टिकट यात्रा न करें। यात्रा करने से पहले टिकट स्टेशन स्थित आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट घर के काउंटर अथवा मोबाइल एप का प्रयोग कर टिकट लेने की सुविधा उपलब्ध है। इस विशेष टिकट जांच अभियान में एसीएम (कोचिंग) पीआरपी सिंह, एसीएम (टीसी) मो. फैजान अनवर एवं मंडल के सभी वाणिज्य निरीक्षकों को भी लगाया गया है। अलग-अलग टिकट जांच दल का नेतृत्व कर टिकट जांच अभियान को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।