किसान को मिले 750 किलो प्याज की उपज के 1064 रुपये, पीएम को दान किए, अब पीएमओ ने मांगी रिपोर्ट..!

किसानों की दुर्दशा का आलम यह है कि एक किसान को 750 किलोग्राम प्याज बेचने पर मात्र 1064 रुपये मिले। इतने कम पैसे मिलने से नाराज किसान ने ये पैसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेज दिए

किसानों की दशा सुधारने के तमाम दावे किए जाते हैं, लेकिन उनके दुखों का अंत नहीं दिख रहा है। महाराष्ट्र के एक प्याज किसान को अपनी फसल प्रति किलो एक रुपये से कुछ ज्यादा दाम पर बेचने को मजबूर होना पड़ा। नाराज किसान ने 750 किलो प्याज के बदले मिले 1064 रुपये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेज दिया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मौजूदा मामले में अब केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र सरकार से रिपोर्ट तलब की है।  नासिक जिले के निफड़ तहसील के रहने वाले संजय साठे ने अपना दुखड़ा सुनाते हुए बताया था कि उसने इस सीजन में 750 किलो प्याज का उत्पादन किया, लेकिन पिछले हफ्ते निफड़ थोक बाजार में मुझे 1 रुपये प्रति किलो का भाव मिल रहा था। किसी तरह मैंने मोल-भाव करके 1.40 रुपये प्रति किलो में सौदा तय किया और 750 किलो प्याज के बदले मुझे 1064 रुपये मिले।’ उल्लेखनीय है कि देश के कुल प्याज उत्पादन की 50 फीसदी पैदावार उत्तरी महाराष्ट्र के नासिक जिले में ही होती है।

बता दें कि साठे उन चुनिंदा ‘प्रगतिशील किसानों’ में थे, जिन्हें 2010 में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के भारत दौरे के दौरान उनसे संवाद करने के लिए केंद्रीय कृषि मंत्रालय द्वारा चुना गया था।

किसान ने बयां की थी अपनी तकलीफ 
साठे ने कहा था कि महीनों की मशक्कत का ऐसा फल मिलने पर तकलीफ होती है। इसलिए मैंने विरोधस्वरूप 1064 रुपये प्रधानमंत्री आपदा राहत कोष में दान कर दिया। मैंने अतिरिक्त 54 रुपये मनी ऑर्डर से भेजे हैं। उन्होंने कहा था कि वह किसी राजनीतिक दल से ताल्लुक नहीं रखते, लेकिन किसानों के प्रति सरकारी उपेक्षा से नाराज हैं। मनी ऑर्डर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए 29 नवंबर को भेजा गया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.