मुजफ्फरपुर। आवंटन में भारी कटौती के कारण उत्तर बिहार में बिजली संकट की स्थिति है। लगातार आठ दिनों से उत्तर बिहार में बिजली संकट की समस्या से लोग जूझ रहे है।
उत्तर बिहार में डिमांड 2600 मेगावाट की है जहां 1835 मेगावाट बिजली की ही आपूर्ति हो रही है।

बताया जाता है कि कोयले की कमी के कारण उत्पादन में कमी आई है। जिले में दो से तीन घंटे लोडशेडिंग पर बिजली दी जा रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उत्तर बिहार के कई जिलों को डिमांड की तुलना में करीब 670 मेगावाट कम थी।
हाल यह था कि बिहार के 39 ग्रिड रोटेशन पर और 72 ग्रिड लोड रिस्ट्रिक्शन के साथ चल रहे है। बिजली की कमी को लेकर सरकार लगातार प्रयास कर रही है। ऊर्जा सचिव संजीव हंस ने प्रेस बयान जारी कर कहा है कि बिजली कंपनी बिजली उत्पादन नहीं करती, बल्कि उत्पादन संस्था से खरीदकर उपभोक्ताओं को देती है, लेकिन उत्पादन कम होने के कारण बिजली महंगी दर पर मिल रही है, लेकिन उपलब्धता कम हो गई है।
इसकी कीमत 20 रुपए प्रति यूनिट तक चल गई है। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा को लेकर अधिक दर पर बिजली खरीदकर सस्ती बिजली उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। मानसून समाप्त होने वाला है। केंद्रीय स्तर पर विदेश से कोयला मंगाने की बात चल रही है। अगले दो से तीन दिनों में स्थिति बेहतर होने की संभावना है। यह जानकारी बिजली कंपनी के सीनियर प्रोटोकॉल ऑफिसर ख्वाजा जमाल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी। सौजन्य : प्रभात खबर

शहर से ज्यादा ग्रामीण क्षेत्रों में कटौती से लोग परेशान
शहर की तुलना में ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली संकट की स्थिति खराब है। शुक्रवार को आवंटन में 30 से 60 फीसदी तक कटौती की गई। जिले में 24 घंटे में करीब 11 घंटे आवंटन में कटौती किस्तों में की गई। इस कारण ग्रामीण क्षेत्रों में 3 से 4 घंटे पर आधा से एक घंटे के लिए बिजली मिल रही थी।
तो शहरी क्षेत्र में आवंटन में कमी पर एक से डेढ़ घंटे के रोटेशन पर बिजली आपूर्ति होती है। इसी बीच अगर ट्रांसफॉर्मर का फ्यूज उड़ जाए तो उस इलाके में बिजली संकट और गहरा जा रहा है। शुक्रवार को जिले के चारों ग्रिड को अहले सुबह 110, फिर सुबह छह बजे से बढ़ा दोपहर में कुछ देर घटा तो फिर बढ़ा। शाम 5 बजे के बाद फिर आवंटन में कटौती की गई। शाम को करीब जिले डिमांड 240 मेगावाट की जगह 150 से 160 मेगावाट के बीच आपूर्ति रही। इस कारण पूरी रात बिजली की आवाजाही लगी रही।