मुजफ्फरपुर। जिले के पारू, साहेबगंज, सकरा, मुरौल और मीनापुर इन पांच पीएचसी को फर्स्ट रेफरल यूनिट (एफआरयू )बनाने की अनुमति मिल गई है।
इसका प्रपोजल तैयार कर मुख्यालय भेजा गया था, जिसे मंजूरी मिल गई है। इससे एफआरयू अस्पताल में बेड और डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ आवश्यक सुविधाएं भी बढ़ाई जाएगी।
यह सुविधा बहाल हो जाने के बाद मरीजों को फर्स्ट स्टेज में सदर अस्पताल और एसकेएमसीएच रेफर नहीं करना पड़ेगा। उनका पीएचसी में ही इलाज किया जा सकेगा।
पीएचसी में ही विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को बेहतर जांच की सुविधा और इलाज मुहैया कराएंगे। अभी जिले के पीएचसी में मरीजों के इलाज की पर्याप्त सुविधा नहीं है।
इस कारण डॉक्टर प्राथमिक उपचार के बाद मरीजों को रेफर कर देते है। ऐसे में मरीज इलाज के लिए एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल के चक्कर लगाते रहते है। इसमें कई केस खराब हो जाते है।
इस दौरान पहले से ही गंभीर मरीज की हालत और अधिक गंभीर हो जाती है। जिले के जिन पांच पीएचसी को एफआरयू बनाने का निर्णय लिया गया है, उन संस्थानों के अधिकारियों के साथ बैठक हो चुकी है। अभी अस्पताल में शिशु रोग विशेषज्ञ सहित कई अन्य बीमारियों के विशेषज्ञ नहीं है। ऐसे में मरीजों को निजी अस्पताल या फिर सदर अस्पताल व एसकेएमसीएच में जाना पड़ता है। बताया जाता है कि एफआरयू बनने के बाद अस्पताल में बेड की संख्या बढ़ाकर 70 से 100 तक करने की योजना है। फिलहाल अस्पताल में बेड की संख्या 20 है। अस्पताल में अभी डॉक्टरों के स्वीकृत पदों की संख्या 9 है।

इसे 25 तक बढ़ाई जा सकती है। अस्पताल में विभिन्न बीमारियों के एक्सपर्ट नियुक्त किए जाएंगे। सीएचसी व पांच पीएचसी में पर्याप्त सुविधाएं नहीं है। इस कारण मरीजों को सदर अस्पताल व एसकेएमसीएच रेफर कर दिया जाता है। सिविल सर्जन डॉ.विनय कुमार शर्मा का कहना है कि पांच पीएससी को फर्स्ट रेफरल यूनिट (एफआरयू ) बनाने की अनुमति मिल गई है। अस्पताल बनने के बाद यहां के मरीजों को बेहतर सुविधा मिलेगी। अब हर बीमारी का इलाज स्थानीय स्तर पर ही हो सकेगा। सौजन्य : प्रभात खबर
