मुजफ्फरपुर। बारिश खत्म होने के बाद भी शहर की चरमराई सफाई व्यवस्था को लेकर दोषी निगम पदाधिकारी व कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करते उन्हें निलंबित कर दिया गया है। शहर भ्रमण पर निकले नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय को जब चारों ओर गंदगी दिखी तो उन्होंने सफाई प्रभारी कमल किशोर को पद मुक्त कर दिया है।

उनका डिमोशन कर वार्ड नंबर 05 का अंचल इंस्पेक्टर बना दिया गया है। वहीं, कालीबाड़ी रोड में जलजमाव की समस्या को देख अंचल पांच के इंस्पेक्टर अंजनी कुमार व वार्ड नंबर 42 के जमादार प्रमोद राम को निलंबित कर दिया गया है।

इसके लिए सिटी मैनेजर ओम प्रकाश से स्पष्टीकरण और कनीय अभियंता पवन कुमार से स्पष्टीकरण मांगते हुए वेतन पर रोक लगा दी गई है। अंचल इंस्पेक्टर व वार्ड जमादार को वार्ड नंबर 42 के चतुर्भुज स्थान चौक से कालीबाड़ी रोड, तीन पोखरिया व वैष्णो माता मंदिर गली आदि में जलजमाव की समस्या बरकरार रहने के कारण निलंबित किया गया है।

कालीबाड़ी रोड का निरीक्षण करने के लिए शनिवार को मेयर सुरेश कुमार भी पहुंचे थे। उन्होंने जलजमाव की समस्या को देख पंपिंग सेट मंगा निकासी के लिए लगवाया था, इसके बाद वे कालीबाड़ी रोड से निकले थे।

मेयर के निरीक्षण दूसरे दिन नगर आयुक्त भी स्थानीय लोगों व सांसद की शिकायत पर पहुंचे। नगर आयुक्त के निरीक्षण में जब गली-गली में जलजमाव व गंदगी दिखी। तब उन्होंने इसके लिए दोषी कर्मियों को निलंबित करने की बड़ी कार्रवाई की है।
नगर आयुक्त ने कहा कि बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या रह सकती है, लेकिन जब बारिश खत्म हो गई है, फिर जलजमाव की समस्या क्यों रहेगी।
कहीं न कहीं सफाई में संबंधित वार्ड के जमादार व सर्किल इंस्पेक्टर लापरवाही बरत रहे है। पर्याप्त सफाई उपकरण रहने के बाद भी शहर की सड़कों पर गंदगी पसरी हुई है। इसका मतलब है कि हाजिरी तो फुल बन जाी है, लेकिन काम शून्य होता है। कहीं न कहीं इसमें वार्ड जमादार से लेकर सफाई प्रभारी व सिटी मैनेजर तक दोषी है। काम नहीं करने वाले सर्किल इंस्पेक्टर को डिमोशन कर अब वार्ड जमादार बनाया जाएगा। वहां, वार्ड जमादार को निलंबित करने की कार्रवाई करेंगे। सौजन्य :प्रभात खबर
