मुजफ्फरपुर। शहर में सड़कों की सफाई में स्वीपर मशीन हर घंटे में 10 लीटर तेल पी रहा है, लेकिन इसमें एक किमी भी सड़क की सफाई नहीं हो पाती है।

ऊपर से सफाई के दौरान धूल इतनी ज्यादा उड़ती है, जिससे आसपास के घरों में रहने वाले लोग व दुकानदारों को घंटों तक सांस लेना मुश्किल हो जाता है।

रास्ते चलने वाले लोग भी काफी परेशान रहते है। ऐसे में करीब 20 लाख रुपए की लागत से खरीद हुए रोड स्वीपर मशीन की उपयोगिता पर सवाल खड़ा होने लगा है।

मशीन के चालक का कहना है कि सुबह-शाम मिलाकर रोज पांच से छह घंटे तक मशीन चलता है। 50-60 लीटर डीजल की खपत होती है।

मोतीझील ब्रिज की पूरी तरह सफाई करने में ढाई से तीन घंटे का वक्त लगता है। हालांकि, शनिवार को सफाई के बाद जब मशीन के टंकी में जमा धूल-कण को इमलीचट्टी कूड़ा डंपिंग प्वाइंट पर गिराया जा रहा था, तब मशीन का हाइड्रोलिक खराब हो गया है।

वहां से किसी तरह मशीन को खींच कर कंपनीबाग नगर आयुक्त के आवास के पास लगा दिया गया है।
नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रैय का कहना है कि रोड स्वीपर मशीन से सफाई के दौरान धूल उड़ने की शिकायत मिली है।बारिश के दौरान इस तरह की समस्या नहीं थी, लेकिन अभी जो तस्वीर व वीडियो आ रही है, इसमें धूल ज्यादा उड़ रही है। पानी का छिड़काव कर रोड स्वीपर मशीन से सफाई कराई जाएगी। सौजन्य: प्रभात खबर