मुजफ्फरपुर । रेलवे की ओर से त्योहार के मौसम में पूजा स्पेशल ट्रेनों की धड़ाधड़ घोषणाएं हुई, लेकिन इनमें अस्सी फीसदी ट्रेनें महज एक फेरे वाली है।

और तो और परिचालन तिथि से महज तीन-चार दिन पहले ही इन ट्रेनों की घोषणा की गई।
इससे जरूरतमंदों को यात्रा की तैयारी का पर्याप्त समय मिला नहीं । ये टे्रेनें ज्यादातर खाली ही जा रही है।
छठ पर्व को लेकर रेलवे की ओर से एक फेरे वाली 27 ट्रेनें की घोषणा की गई हैं। जबकि एक से अधिक फेरे वाली पूजा स्पेशल ट्रेनों की संख्या महज आधा दर्जन हैं जो एक महीने तक साप्ताहिक चलेंगी।

एक फेरे वाली ट्रेनों से यात्री अंजान रह जा रहे हैं। स्टेशनों पर भी एक फेरे वाले ट्रेनों के बारे में जानकारी नहीं मिल पा रही है।
यहां तक कि जंक्शन व स्टेशन परिसर स्थित टिकट काउंटर से एक फेरे वाले ट्रेनों के संबंध में जानकारी नहीं दी जा रही है।
पर्व के ऐन वक्त पर पूजा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन के संबंध में समय रहते सूचना जारी न होने से यात्रियों का झुकाव नियमित ट्रेनों व पखवाड़े
माह भर पूर्व घोषित ट्रेनों की ओर ज्यादा है। इससे नियमित ट्रेनों व पखवाड़े के अलावा माह भर तक चलने वाली ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ उमड़ रही है।
पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ राजेश कुमार ने बताया कि यात्रियों की मांग के अनुसार पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही है। सौजन्य : हिन्दुस्तान
