मुजफ्फरपुर : मद्य निषेद्य दिवस पर शुक्रवार को समाहरणालय परिसर से जीविका दीदियों, आंगनवाड़ी सेविका सहायिका, एनसीसी कैडेट्स ,छात्र-छात्राओं तथा पदाधिकारियों के द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई।
डीएम प्रणव कुमार ने प्रभात फेरी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रभात फेरी समाहरणालय से होते हुए स्टेशन रोड से खुदीराम पार्क जाकर समाप्त हुई। प्रमंडलीय आयुक्त मिहिर कुमार सिंह ने प्रमंडलीय सभागार में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को शपथ दिलाई।
मुख्य कार्यक्रम स्थानीय डीआरसीसी मेंआयोजित किया गया। उक्त कार्यक्रम में सीएम के कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग की गई। कार्यक्रम में डीएम प्रणव कुमार के नेतृत्व में सामूहिक रूप से आजीवन शराब नहीं पीने की शपथ जिला प्रशासन के अधिकारियों, गणमान्य अतिथियों ,कर्मचारियों, उत्पाद कर्मियों, और आम नागरिकों ने ली।
सभी ने एक स्वर में शपथ लिया और लिखित में अपने कार्यालय को शपथ पत्र दिया कि मैं सत्य निष्ठा के साथ शपथ लेता हूं कि मैं आजीवन शराब का सेवन नहीं करूंगा।

मौके पर वरीय पुलिस अधीक्षक जयंतकांत ,उप विकास आयुक्त आशुतोष द्विवेदी ,नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय, अपर समाहर्ता आपदा ,अपर समाहर्ता राजस्व, डीआरडीए निदेशक सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
मद्य निषेद्य दिवस के मौके पर जिले के सभी प्रखंडों ,पंचायतों और वार्डो में विभिन्न विभागों के द्वारा लोगों को जागरूक करने के मद्देनजर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
आंगनबाड़ी सेविका/ सहायिका जीविका दीदियों एवं शिक्षकों के द्वारा रैलियां निकाली गई एवं प्रभात फेरी भी निकाला गया साथ ही शराब मुक्त समाज के निर्माण से संबंधित नारे लगाए गए और सामूहिक रूप से शपथ भी लिया गया।


