मुजफ्फरपुर। सरकारी योजनाओं में फर्जीवाड़ा सामने आना कोई नई बात नहीं है। कोई न कोई जुगत फर्जीवाड़ा करने वाले लगा ही लेते है। तमाम प्रयासों के बावजूद फर्जीवाड़ा रोकने में प्रशासन बेबस है।
अब जिले में चलाए जा रहे मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना में फर्जीवाड़ा का मामला सामने आया है। हुआ यूं कि गलत शपथपत्र देकर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने योजना की राशि उठाई है।
अभी तक ऐसे 144 नाम पकड़ में आ गए है। जिसके बाद मामले की विस्तार से जांच शुरू हो गई है। इसमें वसूली की कार्रवाई भी हो सकती है। बताया जाता है कि सभी बीईओ को लाभुकों की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है।
जिला निबंधन सह परामर्श केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक जिले में अभी 23 हजार युवाओं को स्वयं सहायता भत्ता का लाभ दिया जा रहा है।
जांच में यह बात भी निकलकर आई है कि जिले में 144 विद्यार्थियों ने शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ाई जारी रखने के बाद भी भत्ता लिया है।
इसका नतीजा यह हुआ कि 30 लाख रुपए से अधिक की राशि उनके खाते में पहुंच गई। इनको नोटिस जारी होने के बाद राशि वापस भी कर दिया है। हालांकि, यह संख्या बढ़ भी सकती है।


