सीवान : रघुनाथपुर थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर ज्योति अलंकार ज्वेलर्स में लूट को अंजाम दिया। नकाबपोश 6 अपराधियों ने पिस्टल के बल पर शुक्रवार की शाम 50 लाख की ज्वेलरी बोरे में भरकर ले गए। ज्वेलरी शॉप से बाहर निकलने के बाद वे हथियार लहराते दिखे। इसका वीडियो भी सामने आ गया है। पीड़ित स्वर्ण व्यवसायी नर्मदेश्वर सोनी ने बताया कि, जब अपराधी दुकान लूट रहे थे, तभी उनका भतीजा थाने में गया। पुलिस स्टेशन में बताया गया कि अपराधी हथियार के बल पर उसके दुकान को लूट रहे हैं। इसके बाद पुलिस बोली कि चलो आते हैं। लेकिन, अपराधी अपना काम करके आराम से निकल गए। काफी देर बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
शुक्रवार की शाम के दुकान के संचालक नर्मदेश्वर सोनी कुछ ग्राहकों को सामान दिखा रहे थे। इस दौरान 3 बाइक पर सवार होकर नकाबपोश और हथियार से लैश 6 अपराधी आए। फिर स्वर्ण व्यवसायी नर्मदेश्वर सोनी के पेट और कनपटी पर पिस्टल सटा दिया।
सभी स्टॉफ को भी पिस्टल दिखाते हुए एक तरफ कर दिया। इसके बाद तिजोरी और दुकान में रखी ज्वेलरी समेटने लगे। इसका विरोध करने पर अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी नर्मदेश्वर सोनी को तीन-चार थप्पड़ भी जड़ दिए। साथ ही धमकी देते हुए कहा कि ज्यादा होशियार बनोगे तो गोली मार देंगे। इसके बाद अपराधी बोरे में भरकर ज्वेलरी और 60 हजार कैश लेकर फरार हो गए।
वहीं, इस घटना के बाद लूट का समान को लेकर हथियार लहराते हुए अपराधी बाहर निकले, फिर बड़े ही आराम से बाइक पर लाद कर फरार हो गए। इसका वीडियो किसी से छिपाकर बना लिया है।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि अपराधी पिस्टल दिखाते हुए भाग रहे हैं। वहीं, घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जानकारी प्राप्त कर छानबीन करने में जुटी हुई है।