
PATNA : अपनी ही पार्टी बीजेपी से खफा चल रहे नेता अभिनेता और पटना साहिब से बीजेपी सांसद को एक बार फिर मौका मिल गया है अपनी पार्टी को घेरने का. पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव नतीजों को लेकर बगावती तेवर अपनाए भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने अपनी ही पार्टी पर ट्वीट कर तंज कसा है. उन्होंने ट्वीट कर कहा, ”मैंने तो पहले ही चेतावनी दी थी कि सत्य की जीत होगी. इसी के योग्य थे और अंत में सत्य की ही जीत हुई. मैं अपने सभी लोगों को बहुप्रतिक्षित जीत की बधाई देता हूं”.

शत्रुघ्न सिन्हा ने आगे लिखा, ”जो चुनाव हार गए, उनके अहंकार, खराब प्रदर्शन और अति महात्वाकांक्षा के लिए उनका शुक्रिया. ऐसे लोगों के प्रति मेरी दिल से संवेदना भी है. आशा करता हूं कि उन्हें जल्द से जल्द सद्बुद्धि मिलेगी. लोकतंत्र जिंदाबाद…जय हिंद”. बता दें कि शत्रुघ्न सिन्हा अक्सर अपनी पार्टी के खिलाफ बयान देते हैं और अपनी सरकार को घेरते रहते हैं. वह विरोधी पार्टियों के साथ अपनी सरकार के खिलाफ मंच भी साझा करते हैं. खबर है कि इस बार वह कांग्रेस या आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे. या बिहार में राजद से भी उनको टिकट मिलने की चर्चा है.

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2019 से पहले राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है. अभी तक के रुझानों के मुताबिक राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का पलड़ा भारी दिख रहा है. तीनों राज्यों में कांग्रेस सरकार बनाने की दहलीज पर खड़ी है. राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को बहुमत मिल गया है. हालांकि, मध्य प्रदेश में अब भी पेंच फंसा है. हालांकि, रुझानों में कांग्रेस और बीजेपी में आगे-पीछे की होड़ लगी है.