मास्क का अनिवार्य प्रयोग सुनिश्चित कराने हेतु सोमवार को जिलाधिकारी द्वारा 5 धावा दल को समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह दल भीड़भाड़ वाले इलाकों पर नजर रखेगा।
डीएम ने सख्त निर्देश दिया कि जो लोग मास्क नहीं पहनेंगे उनपर पचास रुपए जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा सभी सिटी बसों में कोई भी खड़ा होकर सफर नहीं करेगा।
यात्री खड़े पाये गये तो बस चालक पर 500 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। अगर बस दोबारा कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन करते पकड़ी गई तो उसे जब्त कर लिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने तीसरी लहर को देखते हुए कहा कि लोगों को सजग एवं सावधान रहने की जरूरत है, किंतु घबराना नहीं है। डीएम ने अधिकारियों को भी अलर्ट मोड में रहने तथा आगे की तैयारी रखने का निर्देश दिया है।