ठण्ड के मिजाज काफी हद तक बदल गए है , सूबे में ठंड बढ़ने लगी है। पिछले 24 घंटों में लगभग 12 से 14 जिलों में न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट आई, जिससे ठंड में बढ़ोतरी हुई। सबसे ज्यादा पारा कटिहार में 2.7 डिग्री तक नीचे आया है। हालांकि कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान में आंशिक बढ़ोतरी भी हुई है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक पछुआ हवाओं के लगातार प्रवाह से सूबे में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। अब भी आठ से दश शहरों का न्यूनतम तापमान दस डिग्री से नीचे आ चुका है। प्रमुख शहरों में रात का तापमान सामान्य से नीचे आ गया है, जिससे जनजीवन पर असर पड़ा है।
मंगलवार की शाम गलन का असर राजधानी में दिखा। इधर सुबह में घने कोहरे की वजह से सूर्य की किरणें देर से पहुंच रही है, जिससे दृश्यता में कमी आई है। मंगलवार को गया और पूर्णिया में सबसे कम मात्र 600 विजिबिलिटी रही। पटना में भी आंशिक कोहरा रहा।
दिन में आने वाले आधा दर्जन से अधिक विमान लेट रहे। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि अधिकतम और न्यूनतम पारे में खास कमी आने के कोई आसार फिलहाल नहीं हैं। ठंड की स्थिति इसी तरह बनी रहेगी। पूरे सूबे में मौसम शुष्क बना हुआ है।