मुजफ्फरपुर। नियमित जागरूकता अभियान से कालाजार उन्मूलन कारगर साबित हुआ है। दरअसल, राष्ट्रीय मानक के हिसाब से दस हजार की आबादी पर एक या उससे कम मरीज वाले जिले में मुजफ्फरपुर शामिल हो गया।
कालाजार उन्मूलन का यहीं मानक है। जिला वेक्टर जनित रोग पदाधिकारी डा.सतीश कुमार ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि अभी जिले में 120 कालाजार के मरीज है।

यह आंकड़ा साल 2020-21 का है। दिसंबर माह तक विभाग कालाजार उन्मूलन को लेकर छिड़काव अभियान चलाएगा। इधर, दिसंबर तक एक भी मरीज नहीं मिला है।
इससे जिले को कलाजार उन्मूलन विभाग ने मान लिया है। डॉ. सतीश कुमार ने बताया कि जागरूकता, मरीजों की खोज, इलाज व बालू मक्खी को मारने के लिए एसपी का छिड़काव जारी है।
इस साल छिड़काव का पहला चरण पूरा कर लिया गया है। सभी 16 प्रखंड में एक साथ छिड़काव किया जा रहा है। इसके लिए राज्य मुख्यालय से दो मीट्रिक टन दवा की खेप पहुंच गई है। लोग भी अब पहले से जागरूक हैं।
डा.सतीश ने बताया कि जिस राजस्व गांव में पिछले तीन साल में एक मरीज मिले, वैसे गांव को छिड़काव की सूची में रखा गया है। जहां पर मरीज तीन साल से नहीं मिल रहे, वहां छिड़काव नहीं होगा।
साहेबगंज, पारू व मोतीपुर को लेकर लगातार कैंप की जा रही है। ये प्रखंड अतिसंवेदनशील रहे। लेकिन अभी इसमें एक भी मरीज नहीं मिले हैं।
उन्होंने कहा कि कालाजार उन्मूलन को लेकर राज्य मुख्यालय की गाइड लाइन के हिसाब से सिविल सर्जन संग एक पांच सदस्यीय टीम जांच करेगी। जांच के बाद उसकी रिपोर्ट मुख्यालय जाने के बाद जिले को प्रोत्साहन राशि के रूप में पांच लाख की राशि दी जाएगी।

