बोधगया . तिब्बती धर्मगुरु 14वें दलाई लामा रविवार को बोधगया पहुंचे। इस दौरान दलाई लामा ने अधिकारियाें को पवित्र खादा के साथ आशीर्वाद दिया। गया एयरपोर्ट से बोधगया उनके आवासन स्थल तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात थी। सड़क के दोनों तरफ देश-विदेश से आए अनुयायी अपने गुरु की एक झलक पाने को कतारबद्ध खड़े थे।
सोमवार को दलाई लामा सुबह महाबोधि मंदिर में विशेष पूजा अर्चना करेंगे। दलाई लामा के आगमन को लेकर महाबोधि मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया है। एक दिन विश्राम के पश्चात 19 दिसंबर को दलाई लामा बोधगया स्थित भोला बिगहा में तिब्बती मोनेस्ट्री के ओपनिंग सेरेमनी व बौद्ध धर्म पर आयोजित विशेष सेमिनार में भाग लेंगे। इस सेमिनार में देश-विदेश से आए भारी संख्या में उनके अनुयायी मौजूद रहेंगे।
इसके बाद 22-23 दिसंबर को दलाई लामा महाबोधि मंदिर के नजदीक स्थित बुद्धिस्ट थाई भारत सोसाइटी में त्रिपिटक बौद्ध ग्रन्थ पर आयोजित विशेष सेमिनार में भाग लेंगे। बुद्धिस्ट थाई भारत सोसाइटी के जेनेरल सेक्रेट्री वेनरैनेश्वर चकमा ने बताया कि दो दिवसीय सेमिनार का आयोजन बौद्धों के पवित्र ग्रंथ त्रिपिटक पर किया गया है।