मुजफ्फरपुर। महाशिवरात्रि के मौके पर बाबा गरीबनाथ मंदिर समेत शहर के शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर सुख समृद्धि की कामना की।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने लंबी लाइनों में खड़े होकर भगवान शिव पर जल चढ़ाने के लिए इंतजार करते रहे। वहीं भगवान भोलेनाथ के अलग-अलग नामों से खूब जयकारे लगाए।
सुबह से ही शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। वहीं मंदिरों में सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे। खासकर बाबा गरीबनाथ मंदिर तक बैरिकेडिंग किया गया था ताकि भक्तों को भगवान शिव को जल चढ़ाने में असुविधा न हो।
बाबा गरीबनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं का जत्था देर रात 12 बजे से पहुंचना शुरू हो गया था। वहीं सुबह 4 बजे मंदिर का पट खुलने के बाद जलाभिषेक शुरू हो गया।
इसके अलावा आनंद भैरव मंदिर गन्नीपुर, ब्रह्मपुरा का बाबा सर्वेश्वर नाथ मंदिर, अखाड़ाघाट का बाबा लक्ष्मेश्वर नाथ मंदिर, गोशाला में बाबा शक्ति नाथ मंदिर व जगरनाथ पताही के बाबा भदेश्वर नाथ मंदिर सहित अन्य शिवालयों में जलाभिषेक के लिए भक्तों की भारी भीड़ है।
वहीं शिव भक्ति के गानों से पूरा वातावरण भक्तिमय है। वहीं मंदिर परिसर में पुलिस बलों की तैनाती भी की गई है। वहीं जगह-जगह मंदिर परिसर द्वारा भव्य जुलूस भी निकाली जा रही है।






