बेगूसराय: सदर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, कालीगढ़, अयोध्याबाड़ी में मंगलवार को अभिभावकों ने घंटों हो-हंगामा किया। आक्रोशित विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्यों ने बताया कि सोमवार को जो दाल बच्चों को दी गई उसमें छिपकली गिरी हुई थी। यह जानकारी बच्चों ने घर पहुंचकर अपने-अपने अभिभावकों को दी। बच्चों ने बताया कि सभी ने भोजन कर लिया था। अंतिम पंक्ति के बच्चों के बीच जब दाल का वितरण हो रहा था उसी समय दाल में छिपकली दिखी थी। इस संबंध में रसोइया ने बताया कि मध्याह्न भोजन तैयार करने के लिए यहां छह रसोइया नियुक्त हैं। खाना बनाने के दौरान स्वच्छता पर पूरा ध्यान दिया जाता है।
अभिभावकों ने कहा कि नहीं है कोई व्यवस्था : इन्द्रदेव शर्मा और दीपक कुमार ने विद्यालय की गिरती विधि-व्यवस्था पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि विद्यालय में पठन-पाठन पूर्णत: चौपट है। शिक्षकों में यहां गुटबाजी है जिसके कारण बच्चों का वर्ग खाली चला जाता है। कोई भी शिक्षक अपने कर्तव्य का निर्वहन नहीं करते। यहां 16 शिक्षक कार्यरत हैं। खासकर शिक्षिकाएं अपने मोबाइल देखने एवं आपस में बातचीत करने में मशगूल रहती हैं। वहीं कई ऐसे हैं जो समय पर विद्यालय नहीं आते हैं। मौके पर लाखो पंचायत की सरपंच नवीता देवी और पंसस बबीता देवी के प्रतिनिधि डॉ. सुनील कुमार ने प्रधानाध्यापक को अपनी निगरानी में मिड डे मील संचालन करने का आदेश दिया और कहा कि इसमें शिक्षकों की रूटीनबद्ध ड्यूटी लगाएं।
घटना महज संयोग : प्रधानाध्यपक बिपिन कुमार ने बताया कि यह घटना संयोग है। हमेशा कोशिश रहती है कि बच्चों को स्वच्छ भोजन दिया जाय। विद्यालय परिवार इस पर निगरानी करेगा। सरपंच और पंसस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामले को शांत किया। इसके बाद ग्रामीणों ने विद्यालय कैंपस को खाली कर दिया।