बिहार : तीन घंटे लाइन में लगने के बाद मिल रही सीएनजी

पटना : बेली रोड पर रूकुनपुरा स्थित आटो केयर स्टेशन पर दोपहर 12:00 बजे से कतार में लगे आटो चालकों को सवा दो घंटे बाद गैस नहीं मिल पा रही है। बेली रोड पर आधा किलोमीटर तक लंबी कतार देखी जा सकती है। आटो चालक संजय राय ने कहा कि अब तो दो से तीन घंटे में सीएनजी मिल जा रही है, पहले पांच से छह घंटे लग जाते थे। थोड़ी राहत है लेकिन परेशानी अब भी है।

मोहम्मद चांद ने कहा कि ग्रिड से जुड़े स्टेशन पर सीएनजी हमेशा मिल जाती है। लेकिन जिन स्टेशनों पर वाहनों से सीएनजी पहुंचाई जाती है वहां परेशानी है क्योंकि अगर वाहन जाम में फंस गए तो सीएनजी लेने में शाम हो जाती है। आटो चालक दिनेश कुमार ने कहा कि ग्रिड से जुड़े स्टेशनों पर प्रेशर मानक के अनुरूप होता है। सही गैस मिल जाती है। इससे माइलेज भी अच्छा मिलता है। जहां प्रेशर कम रहता है वहां गैस लेने में परेशानी होती है।

कतार का अर्थचक्र

आटो चालक जितेंद्र राय ने कहा कि साढ़े चार से पांच किलो की गैस टंकी है, आज लेंगे कल गैस खत्म हो जाएगी। फिर लाइन लगानी पड़ेगी। माह में पंद्रह दिन गैस भराने आते हैं। जब भी आते हैं, आधा दिन कमाई नहीं होती है। तीन घंटे सीएनजी स्टेशन पर लाइन लगानी पड़ती है जबकि यहां आने और जाने में भी एक घंटा लग जाता है।  यानी कम से कम माह में सात दिन गैस लेने में बर्बाद होता है। 500 रुपये की कमाई के हिसाब से भी देखें तो हर माह 3500 रुपये सीएनजी भरवाने के चक्कर में नुकसान हो जाता है।

अधिक वसूली की करें शिकायत

आटो चालकों का यह भी कहना था कि सीएनजी स्टेशनों पर पैसे ज्यादा लिए जा रहे हैं। अगर गैस की कीमत 335 रुपये हुई तो 340 रुपये काट लिया जाता है। इस मसले पर गेल पटना के महाप्रबंधक एके सिन्हा ने कहा कि पटना में 19 सीएनजी स्टेशनों का संचालन किया जा रहा है। अगर कोई पैसा अधिक लेता है तो आटो चालक संबंधित कंपनी, मसलन, आइओसी, बीपीसी या एचपीसी से शिकायत करें।

वे सबंधित डीलर से भी शिकायत कर सकते हैं। गेल का नौबतपुर में सीएनजी स्टेशन है, यहां इस तरह की कई शिकायत नहीं है। तेल एवं गैस कंपनियों और डीलरों को भी निर्देश दिया गया है कि निर्धारित मूल्य पर ही सीएनजी की आपूर्ति की जाए। इस समय सीएनजी की कीमत 77.96 रुपये प्रति किलो है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading