बिहार : पटना समेत कई जिलों का मौसम अगले दो से तीन दिनों तक शुष्क बना रहेगा। इस दौरान तापमान में कोई विशेष परिवर्तन के आसार नहीं है। पटना व आसपास इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहेगा।
कड़ी धूप के कारण लोग थोड़े परेशान रहेंगे। बीते 24 घंटों के दौरान जिलों में वर्षा पर विराम लगने से मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार, 15 अक्टूबर के बाद पछुआ के प्रवाह से मौसम में बदलाव की संभावना है। दुर्गा पूजा पर मौसम में बदलाव की संभावना कम ही है। बारिश के भी आसार नहीं हैं। वहीं, अधिकतम व न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट आने से सुबह और शाम लोगों को सिहरन महसूस होगी। शुक्रवार को पटना व आसपास इलाकों में तीखी धूप से लोग परेशान रहे। वहीं, शाम में बादलों की आवाजाही बने होने के कारण मौसम सामान्य बना रहा।
मानसून प्रदेश के अधिसंख्य हिस्सों से हो गया विदा
मौसम विज्ञानी रवींद्र कुमार ने बताया कि दक्षिण पश्चिम मानसून प्रदेश के अधिसंख्य हिस्सों से विदा हो गया है। शुक्रवार को अररिया व फारबिसगंज की बारी है। दो दिनों के दौरान बाकी हिस्सों से मानसून विदा हो जाएगा।

शुक्रवार को पटना सहित 18 जिलों के अधिकतम तापमान में आंशिक वृद्धि व 11 जिलों के तापमान में आंशिक गिरावट आई है। 38.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सीतामढ़ी के पुपरी में अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं 0.1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ पटना का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रमुख शहरों का तापमान
- पटना – 35.4 डिग्री सेल्सियस
- गया – 34.9 डिग्री सेल्सियस
- भागलपुर – 34.5 डिग्री सेल्सियस
- मुजफ्फरपुर – 31.0 डिग्री सेल्सियस