चर्चा में आई नाग-नागिन की प्रेम कहानी:मछली पकड़ने के जाल में फंसी नागिन, बचाने के लिए छटपटाता रहा नाग; दोनों ने दे दी जान

गोपालगंज : नाग-नागिन को लेकर हमारे देश में तरह-तरह की कहानियां अक्सर चर्चा में रहती है। एक बार फिर एक कहानी सुर्खियों में आ गई है। मामला गोपालगंज स्थित भोरे थाना क्षेत्र के भोपतपुरा गांव की है।

यहां मछली के जाल में एक नागिन फंस गई। उसे बचाने के लिए नाग काफी प्रयास करता है और वो सफल नहीं हो पाता है। इसके बाद दोनों ही वहीं अपने प्राण त्याग देते हैं। इस घटना का लोगों ने वीडियो बना लिया, जो अब विभिन्न सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है।

घटना स्याही नदी के पास तालाब की है। हालांकि यह मामला कब का है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। यहां मछली पकड़ने के लिए लोगों ने जाल लगा रखा था।

अचानक एक नागिन तालाब में तैरती हुई जाल में फंस जाती है और उसके बाद वो वहां से निकलने का पूरा प्रयास करती है पर यह संभव नहीं हो पाता है। पास मौजूद कुछ लोग इसका वीडियो बना रहे थे। इसी बीच वहां नाग आ जाता है और वो भी जाल में घुस जाता है।

लोगों के अनुसार, वो नागिन को जाल से बाहर निकालने का प्रयास कर रहा था और काफी छटपटा रहा था। जब दोनों ही जाल से बाहर नहीं निकल सके तो कुछ देर बाद उन्होंने एक साथ वहीं पर दम तोड़ दिया।

जाल में हलचल खत्म होने के बाद लोग उनके पास पहुंचे और दोनों को बाहर निकाल जमीन में दफन कर दिया। इसके बाद अद्भूत प्रेम कहानी के नाम पर इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।